Pal Pal India

दिल्ली में कार ने लड़की को 12 किमी तक घसीटा, अमित शाह ने रिपोर्ट मांगी

 
दिल्ली में कार ने लड़की को 12 किमी तक घसीटा, अमित शाह ने रिपोर्ट मांगी

​​​नई दिल्ली, 2 जनवरी। दिल्ली के कंझावला इलाके में 31 दिसंबर को कार सवार 5 युवकों ने 20 साल की एक युवती को टक्कर मार दी। हादसे के बाद युवक कार लेकर भागने लगे। लड़की कार के नीचे फंसी रही और करीब 12 किलोमीटर तक सड़क पर घिसटती रही। पुलिस के मुताबिक, उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पांचों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को आरोपियों को रोहिणी कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने पांचों आरोपियों मनोज मित्तल, दीपक खन्ना, अमित खन्ना, कृष्ण और मिथुन को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, एक्सीडेंट के दौरान दीपक खन्ना कार को ड्राइव कर रहा था। उधर घटना के बाद से ही मृतका के परिजन अन्य लोग प्रदर्शन कर रहे हैं। पुलिस थाने के सामने प्रदर्शन किया गया। एक गाड़ी में भी तोडफ़ोड़ की गई। प्रदर्शनकारियों को खदेडऩे के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इधर, आम आदमी पार्टी की विधायक और दिल्ली की डिप्टी स्पीकर राखी बिडलान ने दावा किया कि आरोपी भाजपा से जुड़े हैं, इसलिए पुलिस उन्हें बचा रही है। शाम को युवती की डेड बॉडी मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज लाई गई। यहां तीन डॉक्टरों के पैनल ने करीब डेढ़ घंटे पोस्टमॉर्टम किया। गृह मंत्री अमित शाह ने भी दिल्ली पुलिस से रिपोर्ट मांगी है। वहीं परिजनों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वे अपनी बेटी का अंतिम संस्कार करेंगे। उन्होंने दोषियों को सख्त सजा देंगे की मांग की। अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

क्राइम सीन रिक्रिएट करेगी पुलिस

दिल्ली पुलिस के स्पेशल सीपी डॉ. सागर पी हुड्डा ने बताया कि मेडिकल बोर्ड का गठन कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस की कई टीमों को भी जांच में लगाया गया है। कोर्ट ने आरोपियों को तीन दिन की पुलिस रिमांड की मंजूरी दे दी है। आगे अब पुलिस क्राइम सीन रिक्रिएट करेगी। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं। सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल एविडेंस के आधार पर टाइमलाइन बनाई जाएगी। इसके लिए आरोपियों को क्राइम स्पॉट पर लाया जाएगा। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ और धाराएं जोड़ी जाएंगीं।

पुलिस थ्योरी पर परिवार का सवाल

मामले में दिल्ली पुलिस की थ्योरी भी सवालों के घेरे में गई है। पुलिस का कहना है कि ये जानलेवा एक्सीडेंट है, लेकिन परिवार वाले इसे मर्डर कह रहे हैं। पीडि़त की मां का कहना है कि वह बहुत सारे कपड़े पहने थी, लेकिन जब उसकी बॉडी मिली तो वह पूरी तरह नेकेड थी। एक भी कपड़ा नहीं था। ये कैसा एक्सीडेंट है? इधर, दिल्ली पुलिस की पीआरओ सुमन अल्वा ने बताया कि कुछ चैनल इस केस में रेप और मर्डर की धाराओं को एफआईआर में शामिल होने की खबर चला रहे हैं। यह गलत है। पीडि़त परिवार की भी मांग है कि इन धाराओं को भी जांच में शामिल किया जाए। अभी मेडिकल बोर्ड बॉडी की अटॉप्सी करेगी। रिपोर्ट आने के बाद ही इन मांगों पर कार्रवाई की जाएगी।

घिसटने से हड्डियां टूटीं, मांस निकल आया

जो सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं। उनमें कार के नीचे युवती को घिसटते देखा जा सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चार किमी तक युवती कार में फंसी रही। घसीटे जाने की वजह से युवती की पीठ और सिर की हड्डियां बुरी तरह से घिस गईं। मांस निकल गया। दोनों पैर की हड्डियां भी टूट गईं, जिससे उसकी बेहद दर्दनाक मौत हुई। कपड़े फट गए। जब उसकी लाश मिली तो उसके शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं बचा। सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि लड़की के गुनाहगारों को सख्त से सख्त सजा मिलना चाहिए। हमारी बहन के साथ जो हुआ बहन शर्मनाक है। सुल्तानपुरी थाने के सामने परिवार वालों ने सोमवार को प्रदर्शन किया। पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।