चत्तरगढ़पट्टी आरओबी का काम जल्द शुरू हो, टोहाना में प्रमुख ट्रेनों का ठहराव मिले : कुमारी सैलजा

सिरसा, 6 सितंबर।
सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं सीडब्ल्यूसी सदस्य कुमारी सैलजा ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को दो अलग-अलग पत्र लिखकर सिरसा संसदीय क्षेत्र से जुड़ी रेलवे समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की है। उन्होंने सिरसा में
ओवरब्रिज का निर्माण जल्द शुरू करवाने के साथ निर्माण अवधि के दौरान छोटे वाहनों के लिए पुराने रेलवे फाटक अथवा माल गोदाम के पास वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध करवाने का आग्रह किया है। इसके अलावा सांसद ने टोहाना रेलवे स्टेशन पर प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव देने की मांग भी उठाई है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि चत्तरगढ़ पट्टी की ओर से निर्माण कार्य शुरू करने के लिए लोक निर्माण विभाग को जन स्वास्थ्य विभाग की स्वीकृति मिल चुकी है, लेकिन इसके बावजूद काम प्रारंभ नहीं हो पाया। इससे शहर के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों के बीच आवागमन प्रभावित हो रहा है। छोटे वाहन चालकों, दोपहिया वाहन चालकों और साइकिल सवारों को लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है। उन्होंने रेल मंत्री से संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर पुराने रेलवे फाटक को छोटे एवं हल्के वाहनों के लिए अस्थायी रूप से खोलने या रेलवे माल गोदाम के पास वैकल्पिक मार्ग विकसित करवाने की मांग की।
दूसरे पत्र में सांसद ने टोहाना रेलवे स्टेशन पर हजूर साहिब-अमृतसर एक्सप्रेस 12421/12422, हजूर साहिब नांदेड़-फिरोजपुर एक्सप्रेस 14621/14622 तथा हजूर साहिब नांदेड़-श्रीगंगानगर एक्सप्रेस 12485/12486 व 12439/12440 का ठहराव देने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि टोहाना क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्री हजूर साहिब, नांदेड़ और अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा करते हैं। इन ट्रेनों का ठहराव नहीं होने के कारण यात्रियों को दूसरे रेलवे स्टेशनों पर जाकर ट्रेन पकड़नी पड़ती है, जिससे समय और धन दोनों अधिक खर्च होते हैं।
कुमारी सैलजा ने कहा कि दोनों मांगें क्षेत्र के आम लोगों की सुविधा और लंबे समय से उठ रही जनभावनाओं से जुड़ी हैं। ट्रेनों का ठहराव मिलने से यात्रियों को सीधा रेल संपर्क उपलब्ध होगा तथा धार्मिक पर्यटन और स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा। वहीं, चत्तरगढ़पट्टी में वैकल्पिक मार्ग खुलने से आरओबी निर्माण के दौरान यातायात सुचारु रखा जा सकेगा। उन्होंने रेल मंत्रालय से दोनों मामलों में तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर जनहित में सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया है।
बॉक्स
पेपर लीक और रुकी भर्तियों से टूटा युवाओं का भरोसा : कुमारी सैलजा
सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि महाराष्ट्र से लेकर उत्तराखंड तक देश का युवा भाजपा सरकारों की नीतियों से परेशान है। पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं, रुकी भर्तियों, महंगी शिक्षा और रोजगार के घटते अवसरों ने युवाओं का भरोसा तोड़ दिया है। उत्तराखंड में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि वे अपने भविष्य और अधिकारों को लेकर गंभीर रूप से चिंतित हैं।
कुमारी सैलजा ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार छात्रों और युवाओं के अधिकारों की आवाज उठा रहे हैं। महाराष्ट्र के आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में भी सांसद ने स्पष्ट किया है कि सरकार को युवाओं की आवाज सुनकर उनकी जायज मांगों पर तत्काल कार्रवाई करनी होगी। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं को न्याय, पारदर्शी भर्ती और रोजगार के पर्याप्त अवसर मिलने तक ‘छात्रों की गूंज’ और अधिक मजबूत होती रहेगी।
बॉक्स
सरकार युवाओं की जायज मांगों पर तुरंत कार्रवाई करे
कुमारी सैलजा ने कहा कि पेपर लीक और भर्ती अनियमितताएं युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ हैं। सरकार पारदर्शी परीक्षाएं सुनिश्चित करे, रुकी भर्तियां पूरी करे और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करे।

