Pal Pal India

पटियाला के गुरुद्वारा साहिब में शराब पीने पर महिला की हत्या

 
पटियाला के गुरुद्वारा साहिब में शराब पीने पर महिला की हत्या  
चंडीगढ़, 15 मई। पंजाब के पटियाला में गुरुद्वारा दुख निवारण साहिब में रविवार रात कथित बेअदबी पर एक युवक ने महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। गोलीबारी में एक सेवादार घायल हो गया। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोप है कि रविवार रात करीब 10 बजे परविंदर कौर गुरुद्वारा में माथा टेकने के बाद सरोवर किनारे बैठ गई और शराब पीने लगी। सेवादारों के रोकने पर उनसे उलझ गई। तभी निर्मलजीत सिंह आया और महिला के साथ उलझ गया। विवाद इतना बढ़ा कि निर्मलजीत सिंह ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से महिला को गोली मार दी। आरोपित ने पांच राउंड फायर किए। इसमें से तीन गोली महिला को लगी और एक गोली सेवादार सागर मल्होत्रा को लगी।

इसके बाद सेवादारों ने परविंदर कौर और सेवादार सागर को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। सागर का अभी भी उपचार चल रहा है। सूचना मिलते ही अनाज मंडी थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने रिवाल्वर भी बरामद कर लिया है। गुरुद्वारा परिसर में लगे सीसीटीवी के फुटेज भी कब्जे में ले लिए हैं।