थोक महंगाई दर जून महीने में बढ़कर 9.87 फीसदी पर आई

नई दिल्ली, 14 जुलाई खुदरा महंगाई के बाद थोक महंगाई दर में इजाफा दर्ज हुआ है। खाद्य एवं गैर-खाद्य वस्तुओं की कीमतों में तेजी से जून में थोक महंगाई दर बढ़कर 9.87 फीसदी पर पहुंच गई है। मई में यह 9.68 फीसदी थी।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने मंगलवार को एक बयान में थोक मूल्य सूचकांक (डब्ल्यूपीआई) पर आधारित थोक महंगाई के आंकड़े जारी करते हुए बताया कि थोक महंगाई दर के जून के आंकड़ों पर खनिज तेल (जिसमें पेट्रोलियम उत्पाद भी शामिल हैं) का असर खाद्य वस्तुओं, विनिर्मित मूल धातु तथा विनिर्मित रसायन एवं रासायनिक उत्पादों की कीमतों पर दिखा है।
आंकड़ों के अनुसार ईंधन एवं बिजली श्रेणी में थोक महंगाई जून में 27.41 फीसदी रही, जबकि मई में यह 30.33 फीसदी थी। खाद्य वस्तुओं की महंगाई जून में बढ़कर 5.49 फीसदी हो गई, जो मई में 3.60 फीसदी थी। इसके अलावा गैर-खाद्य वस्तुओं में थोक महंगाई 11.07 फीसदी रही, जबकि खनिज श्रेणी में ये 9.45 फीसदी दर्ज की गई।
वाणिज्य मंत्रालय ने बताया कि विनिर्मित उत्पादों की श्रेणी में थोक महंगाई मई की तरह जून में भी 7.48 फीसदी पर स्थिर रही। डब्ल्यूपीआई की गणना के लिए आधार वर्ष 2022-23 है।
उल्लेखनीय है कि उपभोक्ता मूल्य सूचकांक पर आधारित खुदरा महंगाई दर जून में बढ़कर 17 महीने के उच्चस्तर 4.38 फीसदी पर पहुंच गई है, जबकि इससे पिछले महीने यह 3.93 फीसदी थी। आरबीआई ने चालू वित्त वर्ष के लिए महंगाई दर के अपने अनुमान को पिछले महीने 4.6 फसदी से बढ़ाकर 5.1 फीसदी कर दिया था।

