Pal Pal India

कर्नाटक को इन्वेस्टमेंट, इनोवेशन और इंडस्ट्री में नंबर-1 बनाना चाहते हैं: मोदी

 
कर्नाटक को इन्वेस्टमेंट, इनोवेशन और इंडस्ट्री में नंबर-1 बनाना चाहते हैं: मोदी

नई दिल्ली, 9 मई। कर्नाटक में बुधवार यानी 10 मई को विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव प्रचार पूरा हो चुका है। वोटिंग से एक दिन पहले पीएम मोदी ने कर्नाटक की जनता के नाम एक वीडियो संदेश जारी किया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि राज्य को इन्वेस्टमेंट, इनोवेशन और इंडस्ट्री में नंबर-1 बनाने के लिए भाजपा को वोट दें। मोदी ने कहा कि आपने मुझे जो प्रेम दिया है, वो मेरे लिए ईश्वर के आशीर्वाद की तरह है। कर्नाटक के लोगों का आह्वान अब भी मेरे कानों में गूंज रहा है। आजादी के अमृतकाल में हम भारतीयों ने अपने देश को विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है। कर्नाटक विकसित भारत का नेतृत्व करने की क्षमता से भरा हुआ है। हम दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। हमें इसे जल्दी से जल्दी टॉप 3 में ले जाना है। ये तभी होगा जब कर्नाटक की इकोनॉमी तेजी से आगे बढ़ेगी। आपने अभी कर्नाटक में डबल इंजन की सरकार का साढ़े तीन साल का कार्यकाल देखा है। भाजपा सरकार की निर्णायक, केंद्रित और भविष्य को बेहतर बनाने वाली नीतियां कर्नाटक की अर्थव्यवस्था के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। कोरोना जैसी वैश्विक महामारी के बावजूद कर्नाटक में भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान सालाना 90 हजार करोड़ रुपए का विदेशी निवेश आया, जबकि पिछली सरकार के समय सही आंकड़ा सालाना सिर्फ 30 हजार करोड़ रुपए के आसपास था। ये विकास के प्रति, कर्नाटक के प्रति और खासकार युवा पीढ़ी के उज्जवल भविष्य के लिए भाजपा का कमिटमेंट है। हम कर्नाटक को इन्वेस्टमेंट, इंडस्ट्री और इनोवेशन में नंबर 1 बनाना चाहता है। हम भाजपा को एजुकेशन, इम्पलॉयमेंट और आंत्रप्रेन्योरशिप में नंबर 1 बनाना चाहते हैं।