विपक्ष के बयानों पर विज का शायरी के जरिए जवाब

हरियाणा की डायरी
सचित्र / संपादकीय पृष्ठ पर सोमवार के अंक मे प्रकाशनार्थ हेतु
प्रस्तुति : चन्द्र शेखर धरणी
वरिष्ठ स्वतंत्र पत्रकार
विपक्ष की ओर से भारतीय परंपराओं और देश की पहचान को लेकर की जा रही टिप्पणियों पर ऊर्जा, परिवहन व श्रम मंत्री अनिल विज ने शायराना अंदाज में भी अपनी बात रखी। उन्होंने प्रसिद्ध पंक्तियां दोहराते हुए कहा—
'कुछ बात है कि हस्ती मिटती नहीं हमारी, यूं तो रहा है दुश्मन दौर-ए-जहां हमारा।'विज का कहना था कि भारत की सभ्यता, संस्कृति और परंपराओं की जड़ें बहुत गहरी हैं। समय-समय पर इन पर सवाल उठाने और इन्हें कमजोर करने के प्रयास होते रहे हैं, लेकिन देश की पहचान और सांस्कृतिक विरासत आज भी मजबूती से कायम है।कुल मिलाकर, अनिल विज ने एक ही बातचीत में सोनिया गांधी के प्रधानमंत्री पद छोड़ने के दावे, 1984 के सिख विरोधी दंगों और दीपावली को लेकर कांग्रेस नेताओं की टिप्पणियों पर कांग्रेस को कठघरे में खड़ा किया। उनके बयानों में खास तौर पर सोनिया गांधी के प्रधानमंत्री पद को लेकर किए गए दावे पर संवैधानिक व्यवस्था और राजनीतिक परिस्थितियों का हवाला देते हुए जवाब देने का प्रयास दिखाई दिया।
.....
पूर्व विधायकों की बल्ले-बल्ले, विधानसभा में मिला पूरा मान-सम्मान
हरियाणा विधानसभा में आयोजित जनप्रतिनिधि सम्मेलन पूर्व विधायकों के लिए यादगार बन गया।
इस पूरे कार्यक्रम के पीछे विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण की सकारात्मक सोच को श्रेय दिया गया।कुल मिलाकर, जनप्रतिनिधि सम्मेलन ने यह संदेश दिया कि विधानसभा के लिए पूर्व विधायक भी उतने ही सम्मानित और महत्वपूर्ण हैं।सम्मेलन में मौजूदा और पूर्व विधायक एक ही मंच पर नजर आए।लंबे समय से राजनीतिक गतिविधियों और चर्चाओं से दूर चल रहे कई पूर्व विधायकों को भी अपनी बात रखने का अवसर मिला।इस आयोजन ने पुराने जनप्रतिनिधियों को एक बार फिर अपनी राजनीतिक पारी की यादें साझा करने का मंच दिया।
खास बात यह रही कि सम्मेलन में पूर्व विधायकों के सम्मान और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया।
बेहतरीन व्यवस्थाओं को लेकर पूर्व विधायक खासे उत्साहित नजर आए।कई पूर्व विधायकों को यह कहते सुना गया कि विधायक पद से हटने के बाद पहली बार उन्हें इतना सम्मान मिला है।उनका कहना था कि इस तरह के आत्मीय आयोजन की उन्होंने उम्मीद भी नहीं की थी।सम्मेलन में वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं के विचारों को भी गंभीरता से सुना गया।वर्तमान विधायकों को भी अपने पूर्व सहयोगियों के अनुभवों से रूबरू होने का अवसर मिला।इस आयोजन ने विधानसभा की राजनीतिक परंपराओं और आपसी संवाद को नई मजबूती दी।पूर्व जनप्रतिनिधियों के बीच भी सम्मेलन को लेकर काफी सकारात्मक चर्चा रही।आयोजन की रूपरेखा और व्यवस्थाओं की हर तरफ सराहना हुई।
.....
कुलदीप बिश्नोई के नए महल में गृह प्रवेश, जुटे समर्थक
आदमपुर में भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई के नवनिर्मित राजस्थानी शैली के आलीशान आवास का गृह प्रवेश समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में समर्थक, कार्यकर्ता और पुराने राजनीतिक साथी पहुंचे। साढ़े पांच मंजिला हवेली को धौलपुर के पत्थरों, नक्काशीदार झरोखों और शाही दरवाजों से सजाया गया है। समारोह में पीले और सफेद रंग के पंडाल विशेष आकर्षण रहे। पीले रंग ने हरियाणा जनहित कांग्रेस के पुराने राजनीतिक दौर की यादें ताजा कर दीं। कुलदीप बिश्नोई, उनकी पत्नी रेणुका और पुत्र भव्य बिश्नोई ने मेहमानों का स्वागत किया। देसी घी के हलवे, कढ़ी और चूरमे सहित पारंपरिक व्यंजन परोसे गए। आयोजन के जरिए बिश्नोई परिवार का आदमपुर से पुराना जुड़ाव और समर्थकों के बीच उसकी मजबूत उपस्थिति भी देखने को मिली।
........
मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज का मामला CM दरबार पहुंचा
नूंह के विधायक आफताब अहमद ने शुक्रवार रात चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज के 38 दिन से जारी आंदोलन का मुद्दा उठाया। उन्होंने आंदोलनरत शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों की मांगों पर मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की अपील की। विधायक ने नियमित वेतन, 2018 से लंबित डीए एरियर, सातवें वेतन आयोग का लाभ, शिक्षकों की नियुक्ति, हटाए गए गेस्ट व कांट्रैक्चुअल शिक्षकों की वापसी और पदोन्नति की मांग रखी। कॉलेज भवन और छात्रावास की मरम्मत का मुद्दा भी उठाया। आफताब अहमद के अनुसार मुख्यमंत्री ने मामले का जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया है। कॉलेज में दो विद्यार्थी पिछले आठ दिनों से भूख हड़ताल पर भी बैठे हैं। मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद आंदोलन समाप्त होने की उम्मीद जगी है।
....
विज की झप्पी के मुरीद हुए कृष्ण बेदी
हरियाणा के ऊर्जा, श्रम एवं परिवहन मंत्री अनिल विज की चर्चित ‘जादू वाली झप्पी’ बुधवार को कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी को भी मिल गई। हरियाणा सचिवालय में विज से मुलाकात करने पहुंचे बेदी का स्वागत उन्होंने गर्मजोशी से गले मिलकर किया। विज के इस आत्मीय अंदाज से कृष्ण बेदी भी काफी प्रसन्न नजर आए। गौरतलब है कि पूर्व मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा, ओमप्रकाश धनखड़ और पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार भी अनिल विज की इस झप्पी के मुरीद हैं। सातवीं बार विधायक बने विज अपने बेबाक व्यक्तित्व के साथ-साथ दोस्तों के प्रति अपनत्व और स्नेह के लिए भी जाने जाते हैं।
......
बड़े टेंडरों के लिए बनेगा अलग कॉरपोरेशन
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बड़े विकास कार्यों की टेंडर प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए सिंगापुर की तर्ज पर अलग कॉरपोरेशन बनाने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को बजट खर्च की समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि यह कॉरपोरेशन सभी विभागों के महत्वपूर्ण टेंडरों की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी करवाएगा। इसके अलावा विशेषज्ञ कंसल्टेंट कंपनियों को सूचीबद्ध करने और टाउनशिप कंसल्टेंट नियुक्त करने के विकल्पों पर भी काम किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव की अध्यक्षता में संबंधित अधिकारियों को इसकी योजना तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि विकास कार्यों में तेजी आए और बजट का समय पर समुचित उपयोग हो सके।
...
करनाल को राष्ट्रपति पुरस्कार, हरियाणा का बढ़ा गौरव
करनाल को राष्ट्रीय स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में देश के शीर्ष तीन स्वच्छ शहरों में स्थान मिलने पर राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने यह सम्मान प्रदान किया। शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने इस उपलब्धि पर करनालवासियों, सफाई कर्मचारियों, सफाई मित्रों और नगर निगम की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में शहरों को स्वच्छ और आधुनिक बनाने के प्रयासों का यह सुखद परिणाम है। यह सम्मान पूरे हरियाणा के लिए गौरव का विषय है।
.....
सोनिया गांधी ने बता दिया है कि हरियाणा में नंबर-1 कौन
कांग्रेस के पूर्व विधायक शमशेर सिंह गोगी ने कहा कि सोनिया गांधी की पुस्तक 'बिलांगिंग : अ जर्नी ऑफ लव' में कुमारी सैलजा की तारीफ होना साबित करता है कि वह गांधी परिवार की वफादार और समर्पित नेता हैं। सोनिया गांधी ने अपनी पुस्तक में सैलजा का उल्लेख कर उनके राजनीतिक कद और पार्टी के प्रति निष्ठा पर मुहर लगाई है। गोगी ने कहा कि सैलजा के हाथों में हरियाणा कांग्रेस का भविष्य पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने बता दिया है कि हरियाणा में नंबर-1 कौन है। सैलजा ने वर्षों तक संगठन को मजबूत करने के लिए मेहनत की है। उनका अनुभव और जनाधार उनकी सबसे बड़ी ताकत है। गोगी ने दावा किया कि आने वाले छह महीनों में कुमारी सैलजा हरियाणा की राजनीति में नंबर-1 की भूमिका में नजर आएंगी। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी की पुस्तक में सैलजा को मिली प्रमुखता से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और अनुसूचित वर्ग में भी उत्साह है।
.......
122 एकड़ में सजेगा कपालमोचन मेला, सीएम ने दिए निर्देश
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यमुनानगर के बिलासपुर में 20 से 24 नवंबर तक आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कपालमोचन मेले की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को व्यापक प्रबंध करने के निर्देश दिए। करीब 122 एकड़ में आयोजित होने वाले मेले में गुरु नानक देव जी के जीवन पर आधारित ड्रोन और लाइट एंड साउंड शो होंगे। सिखों के दसों गुरुओं के इतिहास पर विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के लिए भंडारे, ठहरने, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, सुरक्षा और सुगम आवागमन की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। 24 नवंबर को गुरु नानक देव जी की राज्य स्तरीय जयंती भी मनाई जाएगी।
....
पंजाब में बढ़ रहा सीएम नायब सैनी का क्रेज
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की पंजाब में लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। वह पंजाब में जहां भी जाते हैं, लोगों की भीड़ उनके साथ सेल्फी खिंचवाने के लिए उमड़ पड़ती है। उनके मिलनसार और मधुरभाषी अंदाज से लोग खासे प्रभावित नजर आते हैं। कई जगह तो सैनी खुद लोगों से कहते सुनाई देते हैं- ‘ला, मैं खींच दूं सेल्फी।’ फरवरी 2027 में प्रस्तावित पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले सैनी पिछले दो वर्षों से प्रदेश के विभिन्न जिलों में सक्रिय हैं। अब वह लगातार विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों से सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं।
...
राहुल गांधी से मिलकर गदगद हुए नरेंद्र जागलान
इसराना के मूल निवासी और वर्षों से राहुल गांधी के प्रशंसक नरेंद्र जागलान की आखिरकार उनसे मिलने की ख्वाहिश पूरी हो गई। राहुल गांधी से मुलाकात के बाद जागलान बेहद उत्साहित नजर आए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी नेकदिल, कर्मठ और सहनशील व्यक्तित्व के धनी हैं। उनके व्यवहार में सहजता और बातचीत में आत्मीयता झलकती है। जागलान ने कहा कि राहुल गांधी से व्यक्तिगत मुलाकात कर उनके स्वभाव और व्यक्तित्व को करीब से जानने का अवसर मिला। यह उनके लिए बेहद यादगार पल है।
....
किरण ने की सैलजा की तारीफ
वरिष्ठ भजपा नेतृत्व किरण चौधरी ने कांग्रेस की दिग्गज नेता शैलेजा की तारीफ की है।कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा का नाम सोनिया गांधी की आत्मकथा में आने से जुड़े सवाल पर किरण चौधरी ने कहा कि सैलजा प्रदेश की दिग्गज नेता हैं और इसमें कोई दो राय नहीं है। उनका हरियाणा की राजनीति में अपना लंबा अनुभव और राजनीतिक कद है। वह कांग्रेस की वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं। सोनिया गांधी की पुस्तक में उनका उल्लेख होना भी इसी राजनीतिक पृष्ठभूमि के संदर्भ में देखा जाना चाहिए।
....
प्रस्तुति : चन्द्र शेखर धरणी

