Pal Pal India

उपराष्ट्रपति जगदीप धनकड़ पहुंचे पुष्कर, ब्रह्मा मंदिर में पूजा-अर्चना कर मेड़ता जाएंगे

 
उपराष्ट्रपति जगदीप धनकड़ पहुंचे पुष्कर, ब्रह्मा मंदिर में पूजा-अर्चना कर मेड़ता जाएंगे

अजमेर/जयपुर, 14 मई। उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ रविवार को अजमेर जिले के पुष्कर पहुंचे। यहां हेलीपेड पर महामहिम का स्वागत किया गया। उप राष्ट्रपति जगतपिता ब्रह्मा मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। सुरक्षा व्यवस्थाओं के मद्देनजर ब्रह्मा मंदिर क्षेत्र को छावनी में तब्दील किया गया है। मंदिर में सुबह 8 से दोपहर 12 बजे तक आम श्रद्धालुओं के लिए पाबंदी लगाई गई है। अजमेर के पुष्कर पहुंचने से पहले राज्यपाल कलराज मिश्र ने सांगानेर एयरपोर्ट पर उपराष्ट्रपति की अगवानी की।

राज्यपाल कलराज मिश्र ने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के सपत्नीक राजस्थान प्रवास पर पहुंचने पर रविवार को सांगानेर एयरपोर्ट पर उनकी भावभीनी अगवानी की। राज्यपाल ने उपराष्ट्रपति धनखड़ और उनकी धर्मपत्नी सुदेश धनखड़ का स्वागत किया। उपराष्ट्रपति सुबह 10:30 बजे सेना के हेलीकॉप्टर से पुष्कर पहुंचे। इसके बाद वह कड़ी सुरक्षा के बीच सड़क मार्ग से जाट विश्राम स्थली होते हुए जगतपिता ब्रह्मा मंदिर पहुंचे। ब्रह्मा मंदिर में दर्शन के बाद निकट ही जाट शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की।

दोनों ही मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई। यहां प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों सहित चंद लोगों को ही अनुमत किया गया। पुष्कर में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का दौरा एक घंटे का है। यहां से वे अपनी पत्नी के साथ हवाई मार्ग से नागौर जिले के मेड़ता के लिए रवाना होंगे। जहां वे पूर्व केंद्रीय मंत्री नाथूराम मिर्धा स्मृति स्मारक पर मूर्ति अनावरण कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। वे दोपहर 3.30 बजे सभा स्थल पहुंचेंगे। स्व. नाथूराम मिर्धा बाड़ी घाटी ट्रस्ट कार्यकारी अध्यक्ष एडवोकेट रामकिशोर तिवाड़ी, सचिव भंवर लाल चौधरी सहित क्षेत्र के अन्य कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हैं।