Pal Pal India

पंजाब बंद की वजह से लखनपुर में रोके गए वाहन, रेल व सड़क यातायात प्रभावित

 
  पंजाब बंद की वजह से लखनपुर में रोके गए वाहन, रेल व सड़क यातायात प्रभावित
कठुआ, 30 दिसंबर  पंजाब राज्य में किसानाें के बंद का असर जम्मू कश्मीर के प्रवेश द्वार लखनपुर में भी दिखा।
सोमवार को किसानों ने कई जगहों पर धरना दिया, जिससे जनजीवन प्रभावित रहा। बंद की वजह से जम्मू कश्मीर में कई स्थानाें पर रेल और सड़क यातायात बाधित रहा।
किसान अपनी फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी के लिए केंद्र के खिलाफ पिछले चार वर्षों से आंदोलन कर रहे हैं। इसी बंद का असर जम्मू-कश्मीर में देखा गया। पंजाब में किसानों के आह्वान पर बंद सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक रहा। जिसके कारण प्रदेश से बाहर जाने वाले वाहनों को प्रदेश के प्रवेश द्वार लखनपुर में ही पुलिस ने नाकाबंदी कर रोक लिया गया। बंद काे देखते हुए पंजाब पुलिस और जम्मू कश्मीर पुलिस के कोऑर्डिनेशन के चलते जम्मू कश्मीर पुलिस ने भी प्रदेश के बाहर जाने वाले वाहनों को राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे जिलों में ही रोक दिया। इसी क्रम में लखनपुर के गोल्डन गेट के समीप पुलिस ने नाका लगाकर वाहनों को रोका और उन्हें शाम करीब चार बजे तक उसी जगह पर रुकने की सलाह दी गई। पंजाब की तरफ जाने वाले यात्रियों में ज्यादातर पर्यटक और पंजाब के लुधियाना, जालंधर चंडीगढ़ जैसे बड़े शहरों में इलाज के लिए जा रहे मरीज थे, जिन्हें कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ा। लखनपुर में पंजाब की ओर जाने वाले वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। वाहनाें काे राेकने के दाैरान कुछ यात्रियाें ने पुलिस कर्मियों से बहस करते भी नजर आए। जम्मू कश्मीर में भी रेल और सड़क यातायात बाधित रहा, जबकि कई रेल गाड़ियां भी रद्द कर दी गईं।