सभी समाजों की एकजुटता ही राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी है: डा. अर्चना गुप्ता

चंडीगढ़, 2 अगस्त। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता के सम्मान में रविवार को पानीपत स्थित गुर्जर धर्मशाला में समस्त गुर्जर समाज द्वारा भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज के गणमान्य लोगों ने डा. अर्चना गुप्ता का अभिनंदन और स्वागत किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने समस्त गुर्जर समाज का आभार जताया। कार्यक्रम के दौरान डा. अर्चना गुप्ता ने गुर्जर भवन परिसर में बनने वाले लंगर हॉल के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास भी किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने कहा कि सभी समाजों की एकजुटता ही राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी है। जब सभी समाज आपसी सद्भाव, भाईचारे और सहयोग की भावना के साथ आगे बढ़ते हैं तो विकास की गति कई गुना बढ़ जाती है और देश व प्रदेश नई ऊंचाइयों को प्राप्त करता है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना से कार्य कर रही है। यही विचार समाज को जोड़ता है और राष्ट्र को मजबूत बनाता है। उन्होंने सभी समाजों से शिक्षा, संस्कार, सेवा, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी समाजों को समान सम्मान और अवसर प्रदान करते हुए विकास की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य कर रही है। नायब सरकार महापुरुषों की जयंती और पुण्यतिथि को पूरे सम्मान के साथ मना रही है ताकि नई पीढ़ी उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन कर सके। सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और सभी वर्गों की भागीदारी को भाजपा सरकार निरंतर प्रोत्साहित कर रही है।
डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि गुर्जर समाज ने देश की रक्षा, कृषि, समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण में हमेशा महत्वपूर्ण योगदान दिया है। गुर्जर समाज की यह गौरवशाली परंपरा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि समाज तभी आगे बढ़ता है जब वह शिक्षा, संगठन और संस्कार को अपनी सबसे बड़ी ताकत बनाता है। प्रदेश अध्यक्ष ने युवाओं को नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, सेवा कार्यों और राष्ट्रहित के अभियानों से जुड़कर समाज को नई दिशा देने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार का उद्देश्य विकास के साथ-साथ समाज के प्रत्येक वर्ग के सम्मान, सुरक्षा और सहभागिता को सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने मोदी और नायब सरकार गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा सामाजिक सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर विधायक मनमोहन भड़ाना, आर्य युवा समाज के राष्ट्रीय संयोजक चौ. अशोक आर्य, नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारी अशोक गुर्जर, जोगिंदर रावल, ज्योति शर्मा, ऋषिपाल कसाना, मुनीश कठवाड़, राजकुमार छोक्कर, निशान्त छोक्कर सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

