Pal Pal India

केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, दिल्ली पुलिस को करने दें जांच

खिलाडिय़ों ने मुख्यमंत्री से मांगा समर्थन 
 
केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, दिल्ली पुलिस को करने दें जांच 
नई दिल्ली, 05 मई। भारतीय कुश्ती संघ अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के अरेस्ट को लेकर पहलवानों का धरना आज 13वें दिन भी जारी रहा। लखनऊ में केंद्रीय खेलमंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि जहां तक खिलाडिय़ों की मांगों का सवाल है। वे यही कहते हैं कि निष्पक्ष चुनाव की बात कही थी। इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन वह भी करवाएगा। कमेटी के गठन की बात थी, वो भी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस ने एफआईआर भी दर्ज कर ली है। दिल्ली पुलिस निष्पक्ष जांच कर रही है। सुप्रीम कोर्ट ने अपना निर्णय दे दिया है। खिलाडिय़ों से आग्रह है कि जांच पूरी होने दें। इसी से निष्कर्ष निकलेगा। 
देर रात धरना स्थल पर किसान नेता राकेश टिकैत पहुंचे। यहां उन्होंने पहलवानों व अन्य लोगों को संबोधित करते हुए कई बड़े ऐलान किए। उन्होंने कहा कि इन बच्चों के साथ दिल्ली पुलिस ने महज बेड लाने की बात का बहाना बनाकर इतना दुव्र्यवहार किया, जो किसी हाल में बर्दाश्त नहीं होगा। बच्चों की बिजली-पानी की व्यवस्था भी कट कर दी। अब इस आंदोलन को जातिवाद में बदलने की साजिश रची जा रही है।
टिकैत ने कहा कि ये बच्चे किसी जाति से नहीं है, ये बच्चे हमारे हैं, देश के हैं। इनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी भी हमारी है। इन्हें किसी तरह की चोट नहीं लगनी चाहिए। बाहर का कोई असामाजिक तत्व इन पर हमला न कर दे। दिल्ली पुलिस ने यहां बैरिकेडिंग बहुत की हुई है, ये अच्छा है। मगर पुलिस को और तेज नजर रखने की आवश्यकता है।