Pal Pal India

बेंगलुरु रिसॉर्ट में ओडिशा के कांग्रेस विधायकों को खरीदने की कोशिश, दो संदिग्ध पकड़े गए

 
  बेंगलुरु रिसॉर्ट में ओडिशा के कांग्रेस विधायकों को खरीदने की कोशिश, दो संदिग्ध पकड़े गए
बेंगलुरु, 15 मार्च  राज्यसभा चुनाव की पृष्ठभूमि में कथित “ऑपरेशन कमल” की आशंका के बीच ओडिशा के कांग्रेस विधायकों को खरीदने की कोशिश का मामला कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के पास सामने आया है। इस मामले में दो लोगों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ओडिशा के कांग्रेस विधायक 12 मार्च से बेंगलुरु के पास बिदादी स्थित वंडरला रिज़ॉर्ट में ठहरे हुए थे। इसी दौरान शनिवार की रात चार लोग रिसॉर्ट में कमरा बुक कर वहां ठहरे थे। रविवार सुबह उनमें से एक व्यक्ति ने एक ओडिशा कांग्रेस विधायक से बातचीत की और उनके साथ फोटो लेने की कोशिश की। इसे देखकर वहां मौजूद स्थानीय कांग्रेस नेताओं को संदेह हुआ।
संदेह होने पर जब उनसे पूछताछ की गई, तो दो लोग मौके से भाग निकले, जबकि दो लोगों को पकड़ लिया गया। पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान बिरेंद्र प्रसाद और अजीत कुमार साहू के रूप में हुई है। दोनों को बिदादी पुलिस ने हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है।
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए ओडिशा से कांग्रेस सांसद सप्तगिरि शंकर उलका ने आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े लोगों ने कांग्रेस विधायकों को खरीदने की कोशिश की। उन्होंने दावा किया कि विधायकों को पांच करोड़ रुपये की पेशकश की गई और खाली चेक देकर भाजपा के पक्ष में वोट देने का दबाव बनाया गया, लेकिन कांग्रेस विधायक किसी भी लालच में नहीं आए।
वहीं कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा कि भाजपा से जुड़े लोगों ने रिसॉर्ट में कमरा लेकर विधायकों को पांच करोड़ रुपये का लालच देने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि खाली चेक के साथ दो लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया है और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद सुरक्षा कारणों से रिसॉर्ट में ठहरे कांग्रेस के विधायकों को पुलिस सुरक्षा में बस के जरिए बेंगलुरु के सदाशिवनगर स्थित मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर स्थानांतरित किया गया। इस दौरान आठ विधायकों को पुलिस एस्कॉर्ट के साथ वहां पहुंचाया गया।
इस बीच जिला पुलिस अधीक्षक श्रीनिवास गौड़ा ने भी रिज़ॉर्ट का दौरा कर हिरासत में लिए गए दोनों व्यक्तियों से पूछताछ की है।--------------