Pal Pal India

​​​​​​​ झगड़े में दो लोगों ने एक दूसरे को मारा चाकू, एक की मौत​​​​​​​

 
नई दिल्ली, 13 नवंबर  पूर्वी दिल्ली के मधु विहार स्थित अल्लाह कालोनी में सोमवार दोपहर हुए झगड़े में दो लोगों ने एक दूसरे को चाकू मार दिया। जख्मी हालत में दोनों को एलबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान एक युवक ने दम तोड़ दिया। दूसरे हमलावर युवक का पुलिस हिरासत में इलाज जारी है।
मृतक की पहचान आरिफ (35) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपित मनोज (49) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि रुपयों को लेकर सोमवार सुबह से ही आरिफ और मनोज के बीच बहस हो रही थी।
दोपहर को बहस ने झगड़े का रूप ले लिया। मनोज ने आरिफ को कई जगह चाकू मार दिया जबकि हमले में मनोज को भी चाकू लग गया। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के बाद शाम के समय आरिफ ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। सीसीटीवी से पड़ताल की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक आरिफ अपने परिवार के साथ अल्लाह कालोनी, मदरसे के पास, मंडावली एरिया में रहता था। इसके परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा व बेटी है। आरिफ पेशे से ऑटो चालक है। आरोपित मनोज भी परिवार के साथ तालाब चौक, मंडावली में रहता है। वह पेशे से टैक्सी चालक है।
दोनों के बीच रुपयों को लेकर कुछ विवाद था। इसी बात पर सोमवार को दोनों आपस में बहस कर रहे थे। दोनों एक दूसरे को पहले से जानते थे। कहासुनी के दौरान मनोज ने आरिफ पर चाकू से हमला कर दिया। हमले के दौरान वह भी जख्मी हो गया। आरिफ के भाई शाकिर (30) ने दोपहर करीब 3.39 बजे भाई को चाकू मारने की सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची तो घायलों को अस्पताल जाने का पता लगा। बाद में आरिफ की मौत हो गई। क्राइम टीम के अलावा एफएसएल की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ली है। उसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। चश्मदीदों से भी पूछताछ की जा रही है।