रतिया में दो नशा तस्कर गिरफ्तार, बाइक के बाइजर में छिपाकर रखी थी हेरोइन, पुरानी गौशाला के पास पुलिस को देखकर भागने की कोशिश, टीम ने दोनों को मौके पर दबोचा

रतिया (फतेहाबाद), 21 सितंबर हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एचएसएनसीबी) की फतेहाबाद यूनिट ने नशा तस्करों के खिलाफ रतिया में कार्रवाई करते हुए दो युवकों को 4.12 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने नशीले पदार्थ को अपनी मोटरसाइकिल के बाइजर में कपड़े के नीचे छिपाकर रखा हुआ था। पुलिस ने नशीले पदार्थ के साथ मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
यूनिट प्रभारी एसआई तरसेम सिंह ने जानकारी देते हुए कहा की उनकी टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि इकबाल सिंह पुत्र सुखपाल सिंह, निवासी वार्ड नंबर 9, रतिया तथा गगनदीप पुत्र रामफल, निवासी ढाणी खोखर, रत्ता खेड़ा, जिला फतेहाबाद नशीले पदार्थों की बिक्री करते हैं जोकि आज दोनों युवक रतिया की पुरानी गौशाला के मुख्य गेट के पास खड़े हैं और हेरोइन तस्करी की फिराक में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए टीम ने तुरंत मौके की ओर रुख किया।
पुलिस की गाड़ी देखते ही भागने लगे आरोपी
टीम जैसे ही पुरानी गौशाला के मुख्य गेट के पास पहुंची, वहां मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के दो युवक मोटरसाइकिल के साथ दिखाई दिए। पुलिस की गाड़ी को देखते ही मोटरसाइकिल चालक ने अचानक बाइक स्टार्ट कर वहां से भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को काबू कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपनी पहचान इकबाल सिंह और गगनदीप के रूप में बताई।
बाइजर में कपड़े के नीचे छिपी थी हेरोइन, मोटरसाइकिल जब्त
तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल के बाइजर में कपड़े के नीचे एक मोमी पारदर्शी से हेरोइन बरामद हुई। तौलने पर पाउच सहित नशीले पदार्थ का कुल वजन 4.12 ग्राम पाया गया। पुलिस ने बरामद हेरोइन को कब्जे में लेने के साथ-साथ उसे ले जाने के लिए इस्तेमाल की जा रही काले रंग की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया।
मामला दर्ज, हेरोइन कहां से आई, पुलिस कर रही जांच
इस मामले में थाना शहर रतिया, जिला फतेहाबाद में एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच का मुख्य फोकस यह पता लगाने पर है कि आरोपियों को हेरोइन की यह खेप कहां से मिली थी, वे इसे किसे बेचने वाले थे और नशीले पदार्थ की सप्लाई में उनके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी जुड़ा हुआ है या नहीं।
आमजन से नशे के खिलाफ सहयोग की अपील
एसआई तरसेम सिंह ने आमजन से अपील की है कि नशीले पदार्थों की बिक्री, तस्करी या सप्लाई से संबंधित कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत 9050891508|1933 पर सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। नशे के खिलाफ अभियान को सफल बनाने में आमजन की जागरूकता और सहयोग महत्वपूर्ण है।

