उत्तराखंड में परिवर्तन की लहर तेज, भाजपा सरकार की विदाई का मन बना चुकी है जनता: कुमारी सैलजा

बागेश्वर में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन को किया संबोधित, बोलीं: भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और महंगाई से परेशान जनता मांग रही जवाबदेही, कांग्रेस कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत, खरगे और राहुल गांधी का संदेश घर-घर पहुंचाने का किया आह्वान
चंडीगढ़/बागेश्वर/सिरसा, 20 नवंबर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी, पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री एवं सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि उत्तराखंड की जनता भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों, बढ़ते भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महंगाई और बदहाल व्यवस्थाओं से परेशान है। देवभूमि की जनता अब सरकार से जवाबदेही चाहती है और प्रदेश में परिवर्तन का मन बना चुकी है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में बढ़ता उत्साह इस बात का संकेत है कि उत्तराखंड में बदलाव की आवाज लगातार मजबूत हो रही है। कुमारी सैलजा शुक्रवार को बाबा बागनाथ की पावन भूमि बागेश्वर में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रही थीं। सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने में विफल रही है। प्रदेश का युवा रोजगार के अवसरों के लिए संघर्ष कर रहा है, महंगाई ने आम परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है और भ्रष्टाचार के आरोपों से सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता ने बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, रोजगार और विकास की उम्मीद की थी, लेकिन आज उसे अपनी बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि उत्तराखंड में ऐसी व्यवस्था स्थापित करने के लिए संघर्ष कर रही है जिसमें आम नागरिक की आवाज सुनी जाए, युवाओं को अवसर मिलें, महिलाओं को सुरक्षा और सम्मान मिले तथा विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। कुमारी सैलजा ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के संदेश को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाएं। भाजपा सरकार की कथित विफलताओं को तथ्यों के साथ जनता के सामने रखें और जनहित के मुद्दों पर लोकतांत्रिक ढंग से संघर्ष तेज करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है। कार्यकर्ताओं का समर्पण, अनुशासन और जनता के प्रति प्रतिबद्धता ही पार्टी की वास्तविक शक्ति है। सभी नेता और कार्यकर्ता एकजुट होकर जनता के बीच जाएं तथा उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाएं। कुमारी सैलजा ने विश्वास व्यक्त किया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एकजुटता और जनता के समर्थन से उत्तराखंड में परिवर्तन का संकल्प साकार होगा। उन्होंने कहा कि देवभूमि की जनता अब केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि धरातल पर परिणाम चाहती है और कांग्रेस जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ संघर्ष करेगी।

