Pal Pal India

स्थान बदलने से नहीं दबेगी छात्रों की आवाज़, देहरादून में पहले से अधिक बुलंद होगी "छात्रों की गूंज" : कुमारी सैलजा

 
 स्थान बदलने से नहीं दबेगी छात्रों की आवाज़, देहरादून में पहले से अधिक बुलंद होगी "छात्रों की गूंज" : कुमारी सैलजा

 चंडीगढ़, 16 जुलाई। 

सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की सदस्य एवं उत्तराखंड की प्रभारी कुमारी सैलजा ने कहा कि 17 जुलाई को देहरादून में आयोजित होने वाले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित "छात्रों की गूंज" कार्यक्रम से भारतीय जनता पार्टी की सरकार किस कदर घबराई हुई है, इसका सबसे बड़ा प्रमाण यह है कि पहले से स्वीकृत कार्यक्रम स्थल की अनुमति रद्द कर अंतिम समय में कार्यक्रम का स्थान बदल दिया गया।

कुमारी सैलजा ने कहा कि लोकतंत्र में युवाओं और छात्रों की आवाज़ को दबाने के ऐसे प्रयास दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों के अधिकारों, बेहतर शिक्षा व्यवस्था, रोजगार और उनके भविष्य से जुड़े मुद्दों को पूरी मजबूती के साथ उठाती रही है और आगे भी उठाती रहेगी। सांसद ने कहा कि कार्यक्रम का स्थान बदल देने से न तो छात्रों का उत्साह कम होगा और न ही उनकी आवाज़ दबाई जा सकेगी। कुमारी सैलजा ने कहा कि उत्तराखंड के छात्र बड़ी संख्या में राहुल गांधी से मिलने और शिक्षा, रोजगार, परीक्षा व्यवस्था तथा अपने भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर खुलकर संवाद करने के लिए उत्साहित हैं। राहुल गांधी लगातार देशभर के युवाओं और छात्रों के मुद्दों को संसद से लेकर सड़क तक मजबूती से उठाते रहे हैं, इसलिए छात्रों में उनके प्रति विशेष विश्वास और उत्साह है।

कुमारी सैलजा ने विश्वास व्यक्त किया कि 17 जुलाई को देहरादून में आयोजित "छात्रों की गूंज" कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा और छात्रों की आवाज़ पहले से भी अधिक बुलंद होकर सामने आएगी। उन्होंने प्रदेश के विद्यार्थियों एवं युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेकर अपने विचार रखने का आह्वान किया। सांसद ने बताया कि "छात्रों की गूंज" कार्यक्रम 17 जुलाई, शाम 5 बजे, बन्नू स्कूल मैदान, रेसकोर्स, देहरादून में आयोजित किया जाएगा, जिसमें नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी छात्रों के साथ सीधा संवाद करेंगे। 

बॉक्स
कुमारी सैलजा ने मुख्यमंत्री को पत्र लिख कालांवाली की मुख्य विद्युत लाइन की समस्या के स्थायी समाधान की मांग

सिरसा, 16 जुलाई।

सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने कालांवाली शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार बनी हुई विद्युत संकट की समस्या को गंभीर जनहित का विषय बताते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पत्र लिखा है। पत्र में कुमारी सैलजा ने कहा है कि चोरमार से कालांवाली आने वाली मुख्य विद्युत लाइन में बार-बार तकनीकी खराबियां आने के कारण क्षेत्र में बिजली आपूर्ति लगातार बाधित हो रही है। इससे आम नागरिकों, व्यापारियों, किसानों, विद्यार्थियों, स्वास्थ्य संस्थानों, लघु उद्योगों तथा अन्य आवश्यक सेवाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। भीषण गर्मी के मौसम में यह समस्या और अधिक गंभीर हो जाती है।

कुमारी सैलजा ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि संबंधित विभाग को तत्काल निर्देश देकर मुख्य विद्युत लाइन का तकनीकी परीक्षण, आवश्यक उन्नयन, क्षमता वृद्धि, मरम्मत तथा आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए, ताकि कालांवाली एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बार-बार होने वाली बिजली कटौती से स्थायी राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े इस विषय का शीघ्र समाधान किया जाना अत्यंत आवश्यक है।