Pal Pal India

मन की बात में आया विषय जनांदोलन बन गया : अश्विनी चौबे

 
मन की बात में आया विषय जनांदोलन बन गया : अश्विनी चौबे
नई दिल्ली, 30 अप्रैल। केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने कहा कि मन की बात में लोगों की बात देशवासियों को प्रेरित करती है। रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अपने लोकप्रिय उक्त रेडियो कार्यक्रम की 100वी कड़ी में प्रेरणादायी संबोधन में बहुत संवेदनशील और आवश्यक विषयों पर देशवासियों से चर्चा की। निश्चित तौर पर यह कार्यक्रम उत्साह, प्रेरणा, कर्तव्यबोध और भारत बोध की भावना को जागृत करने वाला है।

केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने मन की बात के 100वें संस्करण बक्सर संसदीय क्षेत्र के ब्रह्मपुर विधानसभा के बूथ संख्या 273 पर पार्टी कार्यकर्ताओं व जनमानस के साथ सुनी। उन्होंने कहा कि अक्टूबर 2014 में विजयादशमी के शुभ अवसर पर मन की बात की यात्रा शुरु हुई थी। तबसे से लेकर आज तक इसका हर संस्करण अपने आप में विशेष रहा है। पूरे देश से, हर कोने से, हर आयु के लोग मन की बात से जुड़े है। इसके माध्यम से बेटी बचाओ - बेटी पढ़ाओ, स्वच्छ भारत आंदोलन, खादी के प्रति प्रेम, प्रकृति की बात, आज़ादी का अमृत महोत्सव, अमृत सरोवर ऐसे कई विषयों पर प्रधानमंत्री श्री मोदी ने देशवासियों से अपने विचार साझा किए।

उन्होंने कहा कि मन की बात जिस विषय से जुड़ा वो जन आंदोलन बन गया है। हर संस्करण के तरह यह संस्करण भी अपने आप में विशेष और प्रेरणादायी रहा। देश मे बड़ी संख्या में लोग जुड़े। मन की बात-जन जन की बात हो गई है।