Pal Pal India

प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में विकसित हरियाणा के संकल्प को नई गति मिलेगी : डॉ. अर्चना गुप्ता

 प्रधानमंत्री से आत्मीय एवं सार्थक मुलाकात, विकसित भारत–विकसित हरियाणा 2047 के विजन पर हुई विस्तृत चर्चा
 
 प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में विकसित हरियाणा के संकल्प को नई गति मिलेगी : डॉ. अर्चना गुप्ता
 मोदी के नेतृत्व में भारत बना विकास, सुशासन और जनभागीदारी का वैश्विक मॉडल, संगठन की मजबूती और नारी सशक्तिकरण भाजपा की सर्वोच्च प्राथमिकता

 चंडीगढ़, 28 जुलाई(गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी हरियाणा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि गुरु के आशीर्वाद से बढ़कर जीवन में कोई शक्ति नहीं होती और उन्हें सौभाग्य प्राप्त हुआ कि इस पवित्र अवसर पर देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का मार्गदर्शन, स्नेह और आशीर्वाद प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री से हुई आत्मीय एवं सार्थक मुलाकात ने विकसित भारत–विकसित हरियाणा 2047 के संकल्प को नई ऊर्जा और नई दिशा प्रदान की है।

पानीपत स्थित भाजपा जिला कार्यालय "श्याम कमल" में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता ने नई दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री आवास पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी से हुई शिष्टाचार भेंट की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व संभालने के बाद यह उनके सार्वजनिक जीवन का सबसे गौरवपूर्ण और भावनात्मक क्षण रहा। एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में विश्व के सबसे प्रभावशाली नेताओं में शामिल प्रधानमंत्री से मिलना, उनका आत्मीय स्नेह, सम्मान और मार्गदर्शन प्राप्त करना सदैव उनके लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा। प्रेस वार्ता में उनके साथ जिला भाजपा अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट, महापौर कोमल सैनी, ईश कुमार राणा, ओम दत्त आर्य, डा राजबीर आर्य, रविंद्र तुसामड़, नरेश बेनीवाल, कृष्ण दुग्गल, गुरदेव, प्रेम वर्मा, राहुल राणा तथा धर्मपाल चौपड़ उपस्थित रहे।

डॉ. अर्चना गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री के साथ हुई विस्तृत चर्चा में विकसित भारत–विकसित हरियाणा 2047 के विजन, हरियाणा के समग्र विकास, संगठन की मजबूती, महिला सशक्तिकरण, सुशासन, जनकल्याण तथा पार्टी के संगठनात्मक विस्तार सहित अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रत्येक शब्द में राष्ट्र निर्माण का स्पष्ट दृष्टिकोण और जनसेवा का संकल्प दिखाई देता है।

डॉ. अर्चना गुप्ता ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी तथा भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एक सामान्य कार्यकर्ता को हरियाणा भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाना भारतीय जनता पार्टी की कार्यकर्ता-आधारित संस्कृति और लोकतांत्रिक परंपरा का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यह दायित्व उनके लिए सम्मान के साथ-साथ जनसेवा की बड़ी जिम्मेदारी भी है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज विकास, सुशासन, पारदर्शिता, नवाचार और जनभागीदारी का वैश्विक मॉडल बनकर उभरा है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार भी प्रधानमंत्री के विकसित भारत के विजन को साकार करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और प्रदेश को वर्ष 2047 तक विकसित हरियाणा बनाने के लक्ष्य की दिशा में तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को केवल सम्मान ही नहीं दिया, बल्कि उन्हें निर्णय प्रक्रिया, नीति निर्माण और नेतृत्व में समान भागीदारी देकर नारी शक्ति को नई पहचान और नई ऊर्जा प्रदान की है। महिलाओं का सम्मान और सशक्तिकरण उनके लिए केवल एक विचार नहीं, बल्कि दृढ़ संकल्प है। उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए हरियाणा भाजपा महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व को और अधिक सशक्त बनाने का कार्य करेगी।

डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए राजनीति सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण, गरीब कल्याण, अंत्योदय और सेवा का अभियान है। प्रदेश में सरकार और संगठन के प्रभावी समन्वय के कारण जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी तरीके से पहुंच रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी 4,729 शक्ति केंद्रों को सक्रिय करने तथा 377 मंडलों में संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक सशक्त बनाने का अभियान निरंतर जारी है, क्योंकि मजबूत बूथ ही मजबूत संगठन और सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला है।

उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण, किसान हित, युवा सशक्तिकरण और महिला उत्थान भाजपा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। किसानों को सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, एमएसपी पर खरीद और आधुनिक कृषि तकनीकों का लाभ दिया जा रहा है, वहीं युवाओं के लिए पारदर्शी भर्ती, कौशल विकास, स्टार्टअप और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। खेलों में हरियाणा की अग्रणी पहचान और सामाजिक सुरक्षा की योजनाओं को भी नई गति मिली है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हरियाणा में एक्सप्रेस-वे, राष्ट्रीय राजमार्ग, रेलवे, शहरी आधारभूत संरचना और डिजिटल सेवाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। ई-गवर्नेंस के माध्यम से प्रशासन में पारदर्शिता आई है तथा भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाकर सुशासन को मजबूत किया गया है। "हरियाणा एक–हरियाणवी एक" की भावना के साथ सभी 36 बिरादरियों को साथ लेकर प्रदेश का संतुलित और समावेशी विकास सुनिश्चित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विपक्ष की नकारात्मक राजनीति का उत्तर विकास, सेवा और सुशासन से दे रही है। आने वाले समय में प्रदेशभर में कार्यकर्ता सम्मेलन, शक्ति केंद्र बैठकें और व्यापक जनसंपर्क अभियान आयोजित किए जाएंगे, ताकि सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और संगठन की विचारधारा को प्रत्येक परिवार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके।

डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए प्रत्येक मार्गदर्शक शब्द को आत्मसात करते हुए उन्होंने प्रदेश संगठन और लोककल्याण के लिए स्वयं को पूर्ण समर्पित करने का संकल्प और अधिक दृढ़ किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता "सेवा ही संगठन" के मूल मंत्र के साथ विकसित हरियाणा और विकसित भारत के निर्माण में पूरी निष्ठा, समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ अपनी भूमिका निभाता रहेगा।


बॉक्स समाचार
हरियाणा की महिलाओं के हुनर का प्रतीक बना 'पुराल' से निर्मित कमल

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को भाजपा हरियाणा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने हरियाणा के महिला स्वयं सहायता समूह द्वारा पुराल (धान के अवशेष/प्राकृतिक रेशों) से हस्तनिर्मित कमल का फूल भेंट किया। यह कलात्मक स्मृति-चिन्ह हरियाणा की ग्रामीण महिलाओं की आत्मनिर्भरता, स्वदेशी शिल्प, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की दिशा में किए जा रहे नवाचार का सशक्त उदाहरण है। यह उपहार केवल सम्मान का प्रतीक नहीं, बल्कि 'वोकल फॉर लोकल', महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को भी दर्शाता है। स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार ऐसे उत्पाद ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ हरियाणा की पारंपरिक कला और हस्तशिल्प को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का कार्य कर रहे हैं।