Pal Pal India

लव जिहाद को राजनीतिक सरंक्षण मिलने से राष्ट्र हो रहा कमजोर : सुधांशु त्रिवेदी

 
लव जिहाद को राजनीतिक सरंक्षण मिलने से राष्ट्र हो रहा कमजोर : सुधांशु त्रिवेदी
जोधपुर, 24 जून। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्र्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने लव जिहाद के बढ़ते प्रकरणों पर कहा कि ऐसे मामलों मे राजनीतिक संरक्षण मिलने के कारण राष्ट्र्र कमजोर हो रहा है। वे शनिवार को यहां सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि लव जिहाद या रोमियो जिहाद संघ या भाजपा का शब्द नहीं है। यह सबसे पहले केरल में देखने सुनने में आया था। शाहजहां बनाम केरल स्टेट मामले का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि टारगेट योजनाबद्ध तरीके से किया जाता है। यह सामान्य प्यार-मोहब्बत नहीं है। ऐसे मामलों में राजनेताओं की क्राइसेस ऑफ क्रेडिबिलिटी उजागर होती है। साधारण मध्यम और अपर क्लास हिंदू लड़कियों को टारगेट किया जाता है। इसके लिए कांग्रेस के दोहरे मापदंड भी जिम्मेदार हैं। ऐसी घटनाओं को लेकर केरल में कुछ और तथा राजस्थान में कुछ और बयान दिये जाते हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता खुद कांग्रेस के बागी हो रहे हैं। नेताओं के आपसी द्वंद्व के चलते कथनी व करनी में अंतर है। कांग्रेस अपनी ही पार्टी के सदस्यों के खिलाफ चल रही है और एक दूसरे के खिलाफ बयान बाजी कर रही है। कांग्रेस के नेताओं की कारस्तानी को राजस्थान की जनता को समझना चाहिए। उन्होंने कबीर के दोहे से राजस्थान की स्थिति को समझाते हुए बताया कि दो पाटन के बीच में साबुत बचा न कोय।

त्रिवेदी ने भाजपा के 9 साल को लेकर कहा कि सेवा सुशासन और गरीब कल्याण के 9 साल हुए हैं। इस दौरान 48 करोड़ को जनधन से जोड़ा गया है। भारत में निर्धन वर्ग की महिलाओं को संपत्ति में अधिकार मिला है। जन जन तक विकास के उजाले को पहुंचाया गया है। उन्होंने केन्द्रीय जलशक्ति मन्त्री गजेंद्र सिंह शेखावत के मंत्रालय के महत्व को बताया। राजस्थान में पानी के महत्व को बताते हुए कहा कि 111 जल मार्ग से परिवहन हो रहा है।

उन्होंने आगामी चुनावों में जनता का आह्वान किया कि रहिमन पानी राखिए, बिन पानी सब सून। उन्होंने बताया कि राजस्थान में सौर ऊर्जा क्षेत्र में अभूतपूर्व काम हुआ और आठ साल पहले ही लक्ष्य हासिल हो गया। सोलर एनर्जी में हम विश्व में एक नम्बर पर हैं।