प्री-मानसून की पहली बारिश में शहर हुआ जलमग्न, कांग्रेस ने स्टॉर्म वाटर प्रोजेक्ट पर उठाए सवाल
Jun 13, 2026, 13:40 IST

सिरसा, 13 जून। प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि राजकुमार शर्मा ने कहा कि प्री-मानसून की पहली बारिश ने ही शहर की व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी। बारिश के बाद शहर में कई जगह जलभराव की स्थिति पैदा हो गई, जिससे आमजन, दुकानदारों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जारी बयान में शर्मा ने कहा कि शहर में चल रहे स्टॉर्म वाटर प्रोजेक्ट के तहत जिन सड़कों की खुदाई की गई थी, उन्हें सही तरीके से नहीं भरा गया। पहली ही बारिश के बाद कई स्थानों पर मिट्टी धंस गई और सड़कें खतरनाक बन गईं। शहीद जगदेव सिंह चौक से लेकर सुभाष चौक तक अनेक स्थानों पर वाहन सड़क में धंसते नजर आए, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ।
उन्होंने कहा कि जलभराव और टूटी सड़कों के कारण बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही कम होने से व्यापारियों का कामकाज लगभग ठप हो गया है। दुकानदारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, जबकि आम नागरिकों को भी आने जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वरिष्ठ
कांग्रेस नेता ने कहा कि स्टॉर्म वाटर प्रोजेक्ट का हाल भी पहले आए स्टॉर्म वाटर प्रोजेक्ट-1 जैसा ही होने वाला है। उन्होंने कहा कि जब प्रोजेक्ट-1 शुरू किया गया था, तब बड़े-बड़े दावे किए गए थे कि शहर में एक बूंद पानी भी खड़ा नहीं होगा। लेकिन वास्तविकता यह है कि प्रोजेक्ट पर करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद पहली ही बारिश में शहर जलमग्न हो गया।
उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट-1 पूरी तरह विफल साबित हुआ और अब प्रोजेक्ट-2 के नाम पर फिर से जनता के पैसे की बर्बादी की जा रही है। राजकुमार शर्मा ने कहा कि यह परियोजना जनता को सुविधा देने के बजाय सरकारी धन की बंदरबांट का माध्यम बन गई है। पूरे शहर की सड़कें उखाड़ दी गई हैं, जिससे आमजन और व्यापारियों को लगातार परेशानी झेलनी पड़ रही है। शर्मा ने कहा कि यदि मानसून से पहले हुई सामान्य बारिश में ही यह स्थिति है तो आगामी दिनों में होने वाली भारी बारिश के दौरान हालात और भी गंभीर हो सकते हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि परियोजना के कार्यों की गुणवत्ता की जांच करवाई जाए तथा जहां-जहां सड़कें धंसी हैं और जलभराव की समस्या है, वहां तत्काल प्रभाव से सुधारात्मक कदम उठाए जाएं।

