Pal Pal India

हिसार में स्वाइन फ्लू का बढ़ता कहर, 69 वर्षीय महिला की मौत, छह नए मरीज मिले

 जिले में एच1एन1 संक्रमितों का आंकड़ा 61 पहुंचा, इस सीजन में दूसरी मौत
 
  हिसार में स्वाइन फ्लू का बढ़ता कहर, 69 वर्षीय महिला की मौत, छह नए मरीज मिले

हिसार, 09 सितंबर  जिले में स्वाइन फ्लू (एच1एन1) का संक्रमण लगातार
पैर पसार रहा है। संक्रमण के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है।
बुधवार को गांव बिठमड़ा निवासी 69 वर्षीय महिला की हिसार के एक निजी अस्पताल में उपचार
के दौरान मौत हो गई। महिला की एच1एन1 रिपोर्ट पॉजिटिव थी और हालत बिगड़ने के बाद उसने
दम तोड़ दिया। इसके साथ ही जिले में इस सीजन में स्वाइन फ्लू से मरने वालों की संख्या
दो हो गई है, जबकि संक्रमित मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 61 पहुंच गया है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बुधवार को जिले में एच1एन1 के छह नए मरीज सामने
आए हैं। इनमें दो साल का मासूम भी शामिल है। इसके अलावा मॉडल टाउन पब्लिक हेल्थ कॉलोनी
निवासी 48 वर्षीय महिला, जिंदल कॉलोनी निवासी 26 वर्षीय महिला, हांसी की जगदीश कॉलोनी
निवासी 79 वर्षीय बुजुर्ग, खेड़ी बरकी निवासी 30 वर्षीय युवक और हरिता निवासी 81 वर्षीय
बुजुर्ग महिला की रिपोर्ट भी पॉजिटिव मिली है। नए मामलों के सामने आने के बाद स्वास्थ्य
विभाग ने निगरानी और जांच प्रक्रिया तेज कर दी है।
डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. सुभाष खत्रेजा ने बताया कि बिथमड़ा निवासी 69 वर्षीय
महिला की हालत गंभीर थी और उसका निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था। जांच में एच1एन1
संक्रमण की पुष्टि हुई थी। हालत लगातार बिगड़ने के कारण उपचार के दौरान उसकी मौत हो
गई। स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक स्वाइन फ्लू में शुरुआत में बुखार, खांसी, गले
में खराश, शरीर में दर्द और अत्यधिक कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। कई मामलों
में संक्रमण बढ़ने पर सांस लेने में तकलीफ जैसी गंभीर समस्या भी सामने आ सकती है। ऐसे
में लक्षणों को सामान्य वायरल समझकर नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है।
सिविल सर्जन डॉ. सपना गहलावत ने लोगों से अपील की कि यदि बुखार के साथ लगातार
खांसी, सांस लेने में परेशानी या अत्यधिक कमजोरी महसूस हो तो खुद से दवा लेने के बजाय
तुरंत चिकित्सक अथवा नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि एच1एन1
संक्रमित व्यक्ति के खांसने या छींकने से निकलने वाली बूंदों तथा नजदीकी संपर्क के
माध्यम से फैल सकता है। इसलिए संक्रमण के लक्षण दिखाई देने पर समय रहते जांच और उपचार
कराना बेहद जरूरी है।स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को सतर्क रहने, भीड़भाड़ वाली
जगहों पर सावधानी बरतने और संक्रमण के लक्षणों को गंभीरता से लेने की सलाह दी गई है।