Pal Pal India

प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, दिल्ली में केवल बीएस-VI वाहनों को चलाने की अनुमति देने पर विचार

 
  प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, दिल्ली में केवल बीएस-VI वाहनों को चलाने की अनुमति देने पर विचार

नई दिल्ली, 23 नवंबर दिल्ली-एनसीआर में हर साल सर्दियों में गहराने वाले वायु प्रदूषण के संकट को लेकर उच्चतम न्यायालय ने बेहद सख्त रुख अपनाया है। न्यायालय ने सोमवार को एक अहम सुनवाई के दौरान संकेत दिया कि वह प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए दिल्ली में केवल बीएस-VI मानक वाले वाहनों को ही चलने की अनुमति देने पर विचार कर रही है।
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच के समक्ष सुनवाई के दौरान 15 साल से अधिक पुरानी एक वोल्वो कार के मालिक की ओर से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता राकेश खन्ना ने अपनी अर्जी रखी। उन्होंने दलील दी कि न्यायालय ने पिछले साल दिसंबर 2025 में बीएस-IV और उससे नए वाहनों को केवल उम्र के आधार पर जब्त करने से अंतरिम राहत दी थी, लेकिन इसके बावजूद दिल्ली के पेट्रोल पंपों पर उनके मुवक्किल की गाड़ी को ईंधन देने से मना किया जा रहा है।
इस अर्जी पर राहत मांगने के जवाब में न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची ने कहा कि हमारा रुख बिल्कुल स्पष्ट है। हम दिल्ली में केवल बीएस-VI वाहनों को ही अनुमति देना चाहते हैं, भले ही पूरे एनसीआर में ऐसा तुरंत संभव न हो।
सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने प्रदूषण फैलाने वाले कमर्शियल वाहनों के प्रवेश को पूरी तरह रोकने के लिए 5 साल की एक दीर्घकालिक कार्ययोजना बनाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि फल, सब्जियों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित न हो, इसके लिए दिल्ली की सीमाओं पर बड़े गोदाम बनाए जाने चाहिए, जहां से इलेक्ट्रिक या स्वच्छ ईंधन वाले वाहनों के जरिए शहर के भीतर सामान की आपूर्ति की जा सके।
प्रदूषण नियंत्रण में पड़ोसी राज्यों की ढिलाई पर नाराजगी जताते हुए न्यायालय ने हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और अन्य संबंधित राज्यों को अपनी स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया है।


इसके अलावा जब केंद्र सरकार की ओर से पेश एएसजी ऐश्वर्या भाटी ने वायु गुणवत्ता में सुधार के प्रयासों का जिक्र किया, तो बेंच ने कहा कि इस साल नवंबर में दिल्ली की हवा 'गंभीर' श्रेणी में जाने से बची रही, तो इसका मुख्य श्रेय अनुकूल हवाओं और प्रकृति के सौभाग्य को जाता है। न्यायालय ने स्पष्ट किया कि केवल मौसम के भरोसे नहीं बैठा जा सकता और प्रदूषण रोकने के लिए कड़े एवं स्थायी कदम उठाने होंगे।