Pal Pal India

सुप्रीम कोर्ट ने फांसी के बजाय कम दर्दनाक वाली मौत की सजा पर फैसला सुरक्षित रखा

 
 सुप्रीम कोर्ट ने फांसी के बजाय कम दर्दनाक वाली मौत की सजा पर फैसला सुरक्षित रखा
 नई दिल्ली, 22 जनवरी  उच्चतम न्यायालय ने मौत की सजा के लिए फांसी की जगह कम तकलीफदेह तरीके अपनाने की मांग वाली याचिका पर फैसला सुरक्षित रख लिया है। कोर्ट ने सभी पक्षकारों से दो हफ्ते में लिखित दलीलें जमा करने को कहा है।
वकील ऋषि मल्होत्रा ने फांसी को मौत की सजा देने को एक क्रूर और अमानवीय तरीका बताते हुए याचिका दाखिल की है। उन्होंने मौत के लिए जहर का इंजेक्शन देने का सुझाव दिया है। पिछली सुनवाई में केंद्र सरकार ने उच्चतम न्यायालय को बताया था कि वो इस मांग पर विचार करेगी। इस पर अध्ययन के लिए एक कमिटी बनाई गई है।
मल्होत्रा ने कहा है कि लॉ कमिशन ने भी यही कहा है कि विकासशील और विकसित देशों ने फांसी की बजाय इंजेक्शन या गोली मारने के तरीकों को अपनाया है। किसी कैदी को कम से कम दर्द और सहने का आसान मानवीय और स्वीकार्य तरीका है। लॉ कमिशन ने 1967 में 35वीं रिपोर्ट में कहा था कि ज्यादातर देशों ने बिजली करंट, गोली मारने या गैस चैंबर को फांसी का विकल्प चुन लिया है।
याचिका में मांग की गई है कि अपराध प्रक्रिया संहिता की धारा 354 (5) के तहत ये कहा गया है कि मौत होने तक लटकाया जाए, इसलिए इसे संविधान के जीने के अधिकार का उल्लंघन करार दिया जाना चाहिए। साथ ही सम्मानजनक तरीके से मरने को मौलिक अधिकार का दर्जा दिया जाए।