Pal Pal India

सुप्रीम कोर्ट ने भाजपा को दिखाया आईना : कांग्रेस

 
सुप्रीम कोर्ट ने भाजपा को दिखाया आईना : कांग्रेस

नई दिल्ली, 11 मई। कांग्रेस ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को आईना दिखाने का काम किया है। कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि आज महाराष्ट्र और दिल्ली के मामलों पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला भाजपा के लिए कानूनी, नैतिक, मौलिक और राजनीतिक हार है। सिंघवी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया है कि दिल्ली में अब अधिकारियों की तैनाती और तबादले का अधिकार राज्य सरकार को होगा। यह लोकतंत्र व जनता की जीत है। वहीं सुप्रीम कोर्ट की संविधान बेंच ने महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे बनाम एकनाथ शिंदे के मामले में फैसला सुनाते हुए कहा कि इस मामले को बड़ी बेंच के पास भेजा जाएगा। सिंघवी ने कहा कि सुनवाई के दौरान कोर्ट ने महाराष्ट्र में तत्कालीन राज्यपाल के फ्लोर टेस्ट फैसले को असंवैधानिक ठहराया है।

सिंघवी ने कहा कि आज भाजपा को कई मोर्चों पर मात खानी पड़ी है। वो सुप्रीम कोर्ट में लोकतांत्रिक और राजनीतिक लड़ाई हारे हैं। आज दिल्ली और महाराष्ट्र में लोकतंत्र की जीत हुई है।