छात्रों की आवाज़ दबाने से नहीं रुकेगा संघर्ष, शिक्षा मंत्री को बर्खास्त कर संसद में हो चर्चा : कुमारी सैलजा

नई दिल्ली, 21 जुलाई।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी ने देशभर के युवाओं और छात्रों के समर्थन में आवाज़ बुलंद की। इसी क्रम में सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) सदस्य कुमारी सैलजा ने कहा कि पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं के खिलाफ बड़ी संख्या में छात्र दिल्ली की सड़कों पर अपने भविष्य और न्याय की मांग को लेकर उतरे हैं, लेकिन उनकी बात सुनने के बजाय उन पर लाठीचार्ज कराया गया, जो लोकतंत्र के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार छात्रों को न्याय दिलाने में पूरी तरह विफल रही है। सरकार अपनी जिम्मेदारी निभाने के बजाय युवाओं की आवाज़ को बल प्रयोग से दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि "लाठियों से आवाज़ें नहीं दबतीं, बल्कि और बुलंद होती हैं।" देश का युवा अपने भविष्य, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली की मांग कर रहा है, जिसे अनदेखा नहीं किया जा सकता।
कुमारी सैलजा ने मांग की कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल पद से बर्खास्त किया जाए। साथ ही संसद में देश की शिक्षा व्यवस्था, भर्ती प्रक्रिया और परीक्षा प्रणाली पर विस्तृत चर्चा कर आमूलचूल सुधार किए जाएँ, ताकि भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं पर स्थायी रोक लग सके और युवाओं का विश्वास बहाल हो। कुमारी सैलजा ने आरोप लगाया कि सरकार का लगभग हर मोर्चे पर विफलता का प्रदर्शन रहा है। सरकार की संसद चलाने में भी कोई रुचि दिखाई नहीं देती। संसद चलाना सरकार की संवैधानिक जिम्मेदारी है, जिसमें सभी पक्षों के बीच सहमति बनाकर जनता के मुद्दों पर सार्थक चर्चा कराई जानी चाहिए, लेकिन सरकार इस जिम्मेदारी को निभाने में असफल रही है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था, राम मंदिर से जुड़े प्रकरण, महंगाई, बेरोजगारी और आम जनता से जुड़े अन्य गंभीर विषयों पर संसद में चर्चा होनी चाहिए, लेकिन सरकार इन मुद्दों पर जवाब देने से बच रही है। उन्होंने कहा कि एक ओर दिल्ली में अपने अधिकारों की मांग कर रहे विद्यार्थियों पर अत्याचार हो रहा है, वहीं किसानों को भी एक बार फिर दिल्ली की सीमाओं पर रोककर उनके लोकतांत्रिक अधिकारों से वंचित किया जा रहा है। यह लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि देश के युवाओं की आवाज़ सुनना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्हें दमन नहीं, न्याय और पारदर्शी व्यवस्था चाहिए। कांग्रेस पार्टी छात्रों, युवाओं, किसानों और आम नागरिकों के अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ती रहेगी तथा संसद के भीतर और बाहर उनकी आवाज़ बुलंद करती रहेगी।
बॉक्स
मानसून की पहली वर्षा से सिरसा सहित हरियाणा के अनेक शहरों की बदहाली पर जनता में रोष
सिरसा।
सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि मानसून की पहली ही वर्षा ने सिरसा सहित हरियाणा के अनेक शहरों में विकास के सरकारी दावों की वास्तविकता उजागर कर दी है जगह-जगह जलभराव, टूटी सड़कें, धंसी गलियां, जाम सीवरेज और जल निकासी की बदहाल व्यवस्था के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। पहली ही बारिश में शहरों का जनजीवन प्रभावित होना सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि वह पहले भी कई बार हरियाणा के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर सिरसा शहर की सड़कों, सीवरेज, जल निकासी और बुनियादी सुविधाओं में सुधार की मांग कर चुकी हैं, लेकिन सरकार ने जनता की आवाज़ को अनसुना कर दिया। यदि समय रहते आवश्यक कदम उठाए गए होते तो आज सिरसा सहित हरियाणा के अधिकांश शहरों के लोगों को पहली ही बारिश में इस प्रकार की समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ता। उन्होंने सरकार से तत्काल राहत कार्य शुरू कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की।

