Pal Pal India

एसजीटीयू के विद्यार्थियों ने ऑल इंडिया रेडियो में सीखे प्रसारण के व्यावहारिक गुर

 न्यूजरूम, डबिंग स्टूडियो, एफएम गोल्ड, एफएम रेनबो का भी अवलोकन किया
 
 न्यूजरूम, डबिंग स्टूडियो, एफएम गोल्ड, एफएम रेनबो का भी अवलोकन किया

 गुरुग्राम 26 अगस्त एसजीटी यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ इमर्जिंग मीडिया, कम्युनिकेशन एंड फिल्म स्टडीज(एसएमसीएफ)
 के विद्यार्थियों ने उद्योग भ्रमण एवं एक्सपेरिमेंटल लर्निंग के तहत नई दिल्ली स्थित ऑल इंडिया रेडियो (एआईआर) का शैक्षणिक दौरा किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने रेडियो प्रसारण की कार्यप्रणाली को करीब से समझा और स्टूडियो से लेकर लाइव ब्रॉडकास्ट तक की पूरी प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त किया।
दौरे के दौरान विद्यार्थियों ने जाना कि एक रेडियो एंकर किस प्रकार लाइव कार्यक्रम प्रस्तुत करता है, लाइव सेशन किस तरह ऑन-एयर किया जाता है तथा डबिंग और रिकॉर्डिंग की प्रक्रिया कैसे संचालित की जाती है। विद्यार्थियों ने न्यूजरूम, डबिंग स्टूडियो, एफएम गोल्ड और एफएम रेनबो सहित विभिन्न स्टूडियो और प्रसारण सुविधाओं का भी अवलोकन किया।

विद्यार्थियों के लिए बापू स्टूडियो का भ्रमण विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इस ऐतिहासिक स्टूडियो का महात्मा गांधी से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रसंग भी विद्यार्थियों के साथ साझा किया गया, जिससे उन्हें रेडियो के तकनीकी पक्ष के साथ-साथ उसके ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व को समझने का अवसर मिला।

विद्यार्थियों ने यह भी जाना कि रेडियो कार्यक्रमों की शेड्यूलिंग, प्रोडक्शन, रिकॉर्डिंग और ब्रॉडकास्टिंग किस प्रकार एक व्यवस्थित प्रक्रिया के तहत की जाती है। इस अनुभव ने कक्षा में पढ़ाए जाने वाले रेडियो प्रोडक्शन और ब्रॉडकास्टिंग के सिद्धांतों को वास्तविक कार्यप्रणाली से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

एसएमसीएफ की ओर से कहा गया कि इस प्रकार के उद्योग भ्रमण विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखकर उन्हें वास्तविक मीडिया वातावरण, पेशेवर कार्यप्रणाली और उद्योग की अपेक्षाओं से परिचित कराते हैं। विद्यार्थियों ने भी इस अनुभव को ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताया।