स्टॉर्म वॉटर प्रोजेक्ट: सडक़ें उखडऩे से बढ़ी परेशानी, धूल और गड्ढों से लोग परेशान

सिरसा 22 जून शहर में स्टॉर्म वॉटर प्रोजेक्ट- 2 के तहत कई प्रमुख सडक़ों को उखाड़ दिए जाने के बाद आम लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि राजकुमार शर्मा ने इस स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि सडक़ों की खुदाई के बाद मिट्टी को सही तरीके से दबाया तक नहीं गया है, जिससे पूरे क्षेत्र में धूल और गड्ढों का साम्राज्य फैल गया है।
जारी बयान में शर्मा ने कहा कि हाल ही में हुई प्री मानसून की पहली बारिश के कारण खुदाई वाली जगहों पर मिट्टी धंसने से कई वाहन फस गए, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शर्मा ने कहा कि स्टॉर्म वाटर प्रोजेक्ट के तहत खुदाई की गई सडक़ों पर दिनभर धूल उड़ती रहती है, जिससे दुकानदारों की शामत आ गई है। लगातार उड़ती धूल के कारण दुकानों पर ग्राहक कम आ रहे हैं, जिससे उनका कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। पहले जहां दिनभर बाजार में रौनक रहती थी, अब वहां सन्नाटा पसरा हुआ नजर आता है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा कि धूल और गड्ढों के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का भी खतरा बढ़ गया है। खासकर दमा, एलर्जी और सांस की बीमारियों से पीडि़त दुकानदारों व राहगीरों के लिए यह स्थिति बेहद गंभीर बन गई है। बुजुर्गों और बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है, क्योंकि धूल भरे माहौल में उनका बाजार में निकलना मुश्किल हो गया है। राजकुमार शर्मा ने प्रशासन से मांग की है कि जब तक सडक़ों का पुनर्निर्माण और मरम्मत कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक प्रभावित क्षेत्रों में सुबह और शाम नियमित रूप से पानी का छिडक़ाव किया जाए। इससे धूल पर कुछ हद तक नियंत्रण पाया जा सकेगा और लोगों को एकबारगी राहत मिलेगी।

