सोनिया ने अपनी किताब में प्रधानमंत्री नहीं बनने और निजी जीवन के कई प्रसंग किए साझा

नई दिल्ली, 10 नवंबर कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी किताब ‘बिलॉन्गिंग : अ जर्नी ऑफ लव’ में अपने निजी जीवन, राजीव गांधी से मुलाकात और विवाह, भारत आने, परिवार की त्रासदियों तथा 2004 में प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने के फैसले से जुड़े कई प्रसंग साझा किए हैं। उन्होंने इसे राजनीतिक पुस्तक के बजाय निजी संस्मरण बताया है और इसे राहुल, प्रियंका तथा अपने पोते-पोतियों रैहान और मिराया को समर्पित किया है।
बिना किसी औपचारिक लोकार्पण कार्यक्रम के बाजार में आई इस किताब की मंगलवार से बिक्री भी शुरू हो गयी है। हार्पर कॉलिन्स इंडिया से प्रकाशित इस किताब में सात अध्याय हैं। इसके कवर पर लगी सोनिया गांधी की तस्वीर वर्ष 1966 में राजीव गांधी ने खींची थी।
सोनिया गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मंगलवार को किताब का एक अंश साझा करते हुए 2004 में प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने के फैसले का जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि उनके मन से संदेह के आखिरी अंश भी दूर हो गए थे और उन्होंने खुद से कहा कि उन्हें अपने प्रति सच्चा रहना चाहिए। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भी एक्स पर किताब के प्रकाशन पर सोनिया गांधी को बधाई दी। उन्होंने उनके जीवन को प्रेरणादायक यात्रा बताते हुए कहा कि उनके साथ काम करना और उनके नेतृत्व को करीब से देखना उनके लिए विशेष अनुभव रहा है।
सोनिया गांधी ने किताब में बताया है कि उन्होंने 2004 के लोकसभा चुनाव से कुछ महीने पहले ही तय कर लिया था कि कांग्रेस के सत्ता में आने पर वह प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करेंगी। राहुल और प्रियंका भी उन्हें इस पद पर नहीं देखना चाहते थे। उन्हें इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्याओं की यादें थीं और आशंका थी कि प्रधानमंत्री बनने से सोनिया की जान को खतरा बढ़ सकता है। सोनिया ने लिखा कि चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने अपना फैसला सार्वजनिक नहीं किया, ताकि पार्टी में नेतृत्व को लेकर विवाद न हो।
चुनाव जीतने के बाद गठबंधन के नेताओं ने उन्हें फैसला बदलने के लिए मनाने की कोशिश की। उन्होंने अपनी असहमति जताई, लेकिन नेताओं ने उनकी बात पूरी सुने बिना ही इसे सहमति मान लिया। इस दौरान राहुल ने उनसे पूछा कि उन्होंने प्रधानमंत्री बनने के लिए हां क्यों कहा। प्रियंका ने भी उन्हें याद दिलाया कि वह पहले ही अपना फैसला स्पष्ट कर चुकी थीं। सोनिया ने प्रधानमंत्री नहीं बनने के पीछे विदेशी मूल के मुद्दे को भी एक वजह बताया। उन्हें आशंका थी कि उनके प्रधानमंत्री बनने पर भाजपा और उसके सहयोगी दल इस मुद्दे को उठाकर राजनीतिक विवाद खड़ा कर सकते हैं। अंततः उन्होंने डॉ. मनमोहन सिंह का नाम प्रधानमंत्री पद के लिए प्रस्तावित किया।
किताब में सोनिया ने राजीव गांधी से पहली मुलाकात का भी जिक्र किया है। वह 19 वर्ष की उम्र में अंग्रेजी सीखने इटली से कैम्ब्रिज पहुंची थीं। वहां एक ग्रीक रेस्तरां में उनकी नजर राजीव गांधी पर पड़ी। जनवरी के एक दिन उनके दोस्त क्रिश्चियन वॉन स्टिगलिट्ज ने दोनों की मुलाकात कराई। सोनिया ने किताब में बताया कि उनकी पहली मुलाकात में ही दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे थे। धीरे-धीरे मुलाकातें बढ़ीं और दोनों ने साथ समय बिताना शुरू किया। वह अपने रिश्ते के बारे में पिता को बताने से डरती थीं, क्योंकि उन्हें आशंका थी कि पिता उन्हें इटली वापस बुला लेंगे।
सोनिया ने इटली की नागरिकता छोड़कर भारतीय नागरिकता लेने पर लिखा कि लंबे समय तक उन्होंने अपना इटली का पासपोर्ट संभालकर रखा था, क्योंकि वह उनकी पहचान का हिस्सा था। राजीव गांधी के सार्वजनिक जीवन में आने के बाद उन्हें भारतीय नागरिकता लेना सही लगा। वर्ष 1983 में भारतीय नागरिकता लेने की औपचारिक प्रक्रिया के दौरान दस्तावेज पढ़ते समय उनकी धड़कन तेज हो गई थी। उन्हें महसूस हुआ कि उनकी पहचान का एक हिस्सा हमेशा के लिए छूट रहा है।
किताब में अंतरराष्ट्रीय नेताओं के साथ मुलाकातों के कई रोचक प्रसंग भी हैं। सोनिया ने वर्ष 2000 में तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन की भारत यात्रा का जिक्र करते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की ओर से आयोजित स्वागत समारोह में उन्होंने क्लिंटन को वहां मौजूद खूबसूरत महिलाओं को चोरी-छिपे देखते हुए पाया था। उन्होंने क्लिंटन के कश्मीर संबंधी विचारों का भी उल्लेख किया है। सोनिया ने किताब में बताया कि क्लिंटन कश्मीर को परमाणु टकराव का केंद्र और दुनिया की सबसे खतरनाक जगहों में से एक मानते थे।
उन्होंने वर्ष 2008 में फ्रांस के तत्कालीन राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी की भारत यात्रा पर उन्होंने बताया कि सरकोजी उस समय अपनी साथी कार्ला ब्रूनी के बिना भारत आए थे। भोज के दौरान तत्कालीन उपराष्ट्रपति मोहम्मद हामिद अंसारी की पत्नी ने उनसे शादी की योजना को लेकर सवाल किए। सरकोजी ने सहजता से जवाब दिए और कार्ला को फोन पर संदेश भी भेजते रहे। सोनिया ने बाद की एक मुलाकात में सरकोजी के व्यवहार को कुछ अहंकारी बताया।
सोनिया ने ब्रिटेन की राजकुमारी डायना से मुलाकात के प्रसंग भी लिखे हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 1981 में वह राजीव गांधी के साथ डायना की शादी में शामिल हुई थीं। वर्ष 1992 में डायना की भारत यात्रा के दौरान ताजमहल के सामने उनकी मुलाकात हुई। बाद में डायना उनके घर चाय पर भी आई थीं। उस समय सोनिया की मां भारत में थीं। प्रियंका ने उनका परिचय डायना से कराया। डायना ने उनकी मां से इतालवी भाषा में बात की और विदा लेते समय उन्हें 'चाओ, नॉन्ना' कहा।

