Pal Pal India

साेशल मीडिया इंफलयूएंसर 'मैड संधू हत्याकांड' में जोबनप्रीत सिंह मुंबई से गिरफ्तार, 3 पिस्तौल बरामद

 
  साेशल मीडिया इंफलयूएंसर 'मैड संधू हत्याकांड' में जोबनप्रीत सिंह मुंबई से गिरफ्तार, 3 पिस्तौल बरामद

चंडीगढ़, 14 अक्टूबर  पंजाब पुलिस ने साेशल मीडिया इंफलयूएंसर 'मैड संधू' हत्याकांड में काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) जालंधर ने महाराष्ट्र एंटी-टेररिज्म स्क्वाड (एटीएस) के सहयोग से मुंबई के चेंबूर इलाके से मुख्य आरोपित जोबनप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया है।
डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने बुधवार को बताया कि गिरफ्तार जोबनप्रीत सिंह जिला तरन तारन के गांव जंडोके का निवासी है। पुलिस टीमों ने उसके पास से तीन आधुनिक पिस्तौलें सहित पांच मैगजीन और 11 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं, जिनमें एक 9एमएम ग्लॉक, एक 9एमएम बैरेटा और एक .30 बोर पीएक्स5 शामिल है
अमृतसर के लोहारका रोड पर 3 अक्टूबर को मोटरसाइकिल सवार दो हमलावरों ने सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर मधु सूदन सिंह उर्फ 'मैड संधू' पर गोलियां चलाई थीं, जिसके कारण उसकी मौत हो गई थी। इस संबंध में थाना कैंट, कमिश्नरेट अमृतसर में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 103 और 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धाराओं 25 और 27 के तहत 03 अक्टूबर को एफआईआर दर्ज की गई थी।
इससे पहले गुजरात एटीएस के साथ संयुक्त ऑपरेशन के दौरान उसके दो साथियों हरसिमरनजीत सिंह उर्फ संघा और फतेह सिंह दोनों निवासी गांव संघे, तरनतारन को भी सूरत, गुजरात से ट्रेस करके गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में अब तक एक शूटर सहित कुल 11 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से यह स्पष्ट हुआ है कि जोबनप्रीत सिंह ने विदेश में बैठे हैंडलरों के इशारे पर शूटरों के लिए हथियारों का प्रबंध करने, वित्तीय सहायता देने और लॉजिस्टिक सहायता उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाई थी। डीजीपी ने आगे बताया कि पूछताछ के दौरान जोबनप्रीत ने तरन तारन जिले में फिरौती से संबंधित गोलीबारी की तीन अलग-अलग घटनाओं में अपनी संलिप्तता का जुर्म कबूल किया है। उन्होंने कहा कि इस नेटवर्क का पर्दाफाश करने और इसकी आगे-पीछे की कड़ियों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।