एसजीटीयू में छह दिवसीय छात्र ‘दीक्षारंभ-2026’ का शुभारंभ

गुरुग्राम 17अगस्त युवावस्था की उमंग, नए संस्थान में प्रवेश का उत्साह, नई कक्षा, नए सहपाठियों को लेकर जिज्ञासा और नई चुनौतियों से जूझ कर आसमान छूने का जज्बा...यह सभी कुछ आज एसजीटी यूनिवर्सिटी के वार्षिक छात्र इंडक्शन कार्यक्रम 'दीक्षारंभ-2026' में प्रत्यक्ष दिखाई दिया।
विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों व फैकल्टीज के साथ- साथ स्कूल ऑफ इमर्जिंग मीडिया, कम्युनिकेशन एंड फिल्म स्टडीज (एसएमसीएफ) की ओर से आयोजित ‘दीक्षारंभ-2026’ लगातार छह दिन चलेगा।
22 अगस्त तक चलने वाले इस कार्यक्रम का उद्देश्य नव प्रवेश पाने वाले विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण और कैंपस जीवन से सहज रूप से परिचित कराना है। इसके तहत विद्यार्थियों को उनके पाठ्यक्रम, विश्वविद्यालय की अकादमिक व्यवस्था, छात्र सहायता प्रणालियों, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों तथा विभिन्न अन्य सुविधाओं और अवसरों की जानकारी दी जा रही है।
कार्यक्रम के पहले दिन प्रशासनिक परिचय के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास और प्रेरणादायक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल (आईआईसी), एसीआईसी, डायरेक्टोरेट ऑफ स्टूडेंट वेलफेयर (डीएसडब्ल्यू), करियर एंड प्लेसमेंट सेल तथा इंटरनेशनल रिलेशंस डिवीजन के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को अपने-अपने विभागों और उनके द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं एवं संसाधनों की जानकारी दी।
इसके अलावा प्रॉक्टर कार्यालय, वूमेन्स स्टडी सेंटर, इंटरनल कंप्लेंट्स कमेटी (आईसीसी) तथा एनवायरनमेंटल कमेटी के प्रतिनिधियों ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कैंपस में सुरक्षा, समावेशी वातावरण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी विभिन्न पहलों पर प्रकाश डाला। विद्यार्थियों को अकादमिक गतिविधियों के साथ-साथ कैंपस जीवन से जोड़ने के लिए एनसीसी, विश्वविद्यालय की खेल सुविधाओं तथा एसजीटी की समृद्ध परंपराओं से भी परिचित कराया गया।
कार्यक्रम के पहले दिन का प्रमुख आकर्षण इंटरैक्टिव सत्र ‘नो योरसेल्फ ’ रहा। इस सत्र में विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा की नई यात्रा की शुरुआत के अवसर पर अपने व्यक्तिगत लक्ष्यों, क्षमताओं, रुचियों और आकांक्षाओं पर विचार करने के लिए प्रेरित किया गया।
वीसी ने किया छात्रों का स्वागत
इस अवसर पर एसजीटी यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर प्रो. बसुथकर जगदीश्वर राव ने अपने विशेष संदेश में छात्र-छात्राओं को नए सत्र में सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं और स्वागत किया। उन्होंने कहा कि एसजीटीयू एक ब्यूटीफुल मल्टी डिसिप्लिनरी यूनिवर्सिटी है। यहां आप सब ज्वाय के साथ एजुकेशन पूरी करें, हर दिन सीखें। एसजीटीयू में विविधताओं, संभावनाओं से भरपूर 19 स्कूल व 200 से अधिक प्रोग्राम हैं।

