दिव्यांग बच्चों के साथ संवेदनशील व्यवहार ही सच्ची नॢसंग की पहचान: सुरेंद्र भाटिया

सिरसा, 25 अगस्त। दिशा संस्थान सिरसा में मंगलवार को शहीद बाबा दीप सिंह कॉलेज ऑफ नर्सिंग, अहरवां (रतिया, जिला फतेहाबाद) के बीएससी नर्सिंग सातवें सेमेस्टर के 40 विद्यार्थियों ने एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं अध्ययन भ्रमण कार्यक्रम में भाग लिया। विद्यार्थियों ने दिव्यांग बच्चों के साथ समय बिताया, उनके साथ खेल खेले, संवाद किया और विशेष बच्चों की देखभाल, मनोविज्ञान तथा पुनर्वास से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिशा संस्थान के सचिव सुरेंद्र भाटिया ने कहा कि दिव्यांग बच्चों के प्रति संवेदनशील व्यवहार और सम्मानजनक दृष्टिकोण समाज की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने संस्थान की स्थापना, सामाजिक योगदान, विभिन्न प्रकार की दिव्यांगताओं, बच्चों के प्रशिक्षण, पुनर्वास और उनके आत्मनिर्भर जीवन के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एक कुशल नर्स वही है जो मरीज की शारीरिक देखभाल के साथ उसकी भावनाओं को भी समझ सके। पूर्व प्राचार्य एवं मनोविज्ञान विभाग के सेवानिवृत्त प्रोफेसर डॉ. दलजीत सिंह कालरा ने विद्यार्थियों को दिव्यांग बच्चों की पहचान, उनकी बौद्धिक क्षमता (आईक्यू), व्यवहारिक विशेषताओं और संवेगात्मक बुद्धि के महत्व पर व्याख्यान दिया। उन्होंने बताया कि नर्सिंग विद्यार्थियों को विशेष बच्चों के साथ धैर्य, सकारात्मक संवाद और वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाना चाहिए, ताकि उनके भविष्य को सुरक्षित और आत्मविश्वासी बनाया जा सके।
दिशा संस्थान की परामर्शदाता एवं मनोविज्ञान विशेषज्ञ कंचन मेहता ने विद्यार्थियों को विशेष बच्चों से परिचित कराया तथा बताया कि मनोविज्ञान की दृष्टि से प्रत्येक दिव्यांग बच्चा अलग होता है। उन्होंने बच्चों के व्यवहार, संचार शैली, भावनात्मक आवश्यकताओं और उनके साथ प्रभावी संवाद के व्यावहारिक तरीके साझा किए। अध्ययन भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने दिव्यांग बच्चों के साथ समूह गतिविधियों और खेलों में भाग लिया। उन्होंने बच्चों के साथ समय बिताकर उनके दैनिक जीवन को नजदीक से समझा तथा उन्हें उपहार और उपयोगी सामग्री भी भेंट की। इस आत्मीय मुलाकात ने विद्यार्थियों को विशेष बच्चों के प्रति संवेदनशीलता और सेवा भावना का महत्वपूर्ण अनुभव प्रदान किया। कार्यक्रम में कॉलेज की एसोसिएट प्रोफेसर आरती शर्मा एवं नर्सिंग ट्यूटर रंजना बर्टवाल ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। इस अवसर पर दिशा संस्थान की सदस्य नीलम भाटिया, नीरज, सुमित कुमार, संस्थान के प्राचार्य तथा सभी स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

