Pal Pal India

कांग्रेस के प्रदर्शन में सैलजा-गोदियाल हिरासत में लिए एवं रिहा किए

 तीन लेयर बैरिकेडिंग क्रास की, मुख्य सडक़ों पर लगा जाम
 
 कांग्रेस के प्रदर्शन में सैलजा-गोदियाल हिरासत में लिए एवं रिहा किए
 देहरादून 16 फ़रवरी देहरादून में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश प्रभारी व कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा के नेतृत्व में राजभवन कूच किया। इससे पूर्व परेड मैदान में एक बड़ी जनसभा हुई जिसमें कुमारी सैलजा सहित कांग्रेस नेताओं ने संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर जनविरोधी नीतियां लाने के आरोप लगाए। लगभग तीस हजार लोगों की भीड़ इस दौरान जब राजभवन को कूच किया तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं की तीन लेयर की बैरिकेडिंग पार करने के दौरान पुलिस के साथ तीखी नोकझोंक व धक्कामुक्की हुई। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव कुमारी सैलजा समेत कई वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। इस दौरान शहर की कई मुख्य सडक़ों पर भारी जाम लगा, जिससे लोग परेशान हो गए।

सोमवार सुबह परेड ग्राउंड से ढोल-दमाऊ की गूंज के बीच हजारों कार्यकर्ता राजभवन की ओर बढ़े, यहां पुलिस से उनकी तीखी भिड़ंत हो गई। कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी, महंगाई, महिला सुरक्षा, भ्रष्टाचार, खनन और भू-माफिया जैसे मुद्दों पर कांग्रेस आक्रामक है। पार्टी इस प्रदर्शन को 90 दिन के सरकार-विरोधी अभियान का पहला बड़ा पड़ाव बता रही है। पूर्व सीएम हरीश रावत ने इसे सरकार की नीतियों के खिलाफ ‘हल्लाबोल’ बताया और कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार बढ़ा है। कांग्रेस नेता राजेश चमोली ने आरोप लगाया कि लोक भवन कूच के डर से भाजपा सरकार ने पोस्टर-बैनर हटवाए हैं। कूच में भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव और लोकसभा सांसद कुमारी सैलजा, अलका लांबा समेत प्रदेशभर से कार्यकर्ता शामिल हुए।
30 हजार लोगों की मौजूदगी का दावा : देश संगठन ने जिला और ब्लॉक स्तर तक कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी प्रवक्ता प्रतिमा सिंह के अनुसार, देहरादून और आसपास से बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं, जबकि पर्वतीय जिलों से भी कार्यकर्ताओं के जत्थे रवाना हुए हैं। कांग्रेस 25 से 30 हजार लोगों की मौजूदगी का दावा कर रही है।
वहीं, आज कांग्रेस के राजभवन कूच और रैली के मद्देनजर शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। पुलिस ने इसके लिए विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी किया है, जो सुबह 11 बजे से कूच समाप्त होने तक प्रभावी रहेगा।
रैली में शामिल होने वाली बड़ी बसों को गुरुनानक ग्राउंड, रेसकोर्स में खड़ा किया गया है। सिटी बसों और पुलिस बल के वाहनों की पार्किंग रेंजर्स ग्राउंड में निर्धारित की गई है। परेड ग्राउंड में रैली में आने वाले छोटे वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहीं, वीआईपी वाहनों को स्मार्ट सिटी शेड पार्किंग (परेड ग्राउंड परिसर) में स्थान दिया गया है।