तंबाकू सेवन के खिलाफ अभियान के लिए 'हेल्थ एंबेसडर' बनाए जाएंगे स्कूली बच्चे

कार्यक्रम की शुरुआत एसजीटीयू के बीएएमएस विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक से हुई, जिसमें तंबाकू सेवन के स्वास्थ्य एवं सामाजिक दुष्प्रभावों को दर्शाते हुए विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके पश्चात फैकल्टी सदस्यों एवं शोधार्थियों द्वारा जागरूकता व्याख्यान आयोजित किए गए। डॉ. आशीष मिश्रा, विभागाध्यक्ष, अगड़ तंत्र विभाग तथा डॉ. चित्रा, रसायन शास्त्र विभाग ने तंबाकू सेवन, निष्क्रिय धूम्रपान, साथियों के दबाव (पीयर प्रेशर) और तंबाकू मुक्त जीवन के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम की प्रभावशीलता का आकलन करने के लिए विद्यार्थियों के बीच प्री-टेस्ट एवं पोस्ट-टेस्ट भी आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक स्लोगन आधारित गतिविधियों में भाग लिया तथा शोधार्थियों के साथ मिलकर तंबाकू विरोधी संदेशों को दोहराया। विद्यार्थियों ने पूरे कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई, अपनी प्रतिक्रियाएं साझा कीं और उत्साहपूर्वक अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों को तंबाकू मुक्त समाज व स्वास्थ्य का दूत (हेल्थ एंबेसडर) बनने तथा स्वस्थ भविष्य के निर्माण में योगदान देने के संदेश के साथ किया गया। बच्चे अब गांव-शहर के लोगों को तंबाकू का सेवन छोड़ने के लिए जागरूक करेंगे

