Pal Pal India

बिजली निगम के कार्यालय में हंगामा और हाथापाई, एक्सईएन की शिकायत पर किसान के खिलाफ मामला दर्ज

 
  बिजली निगम के कार्यालय में हंगामा और हाथापाई, एक्सईएन की शिकायत पर किसान के खिलाफ मामला दर्ज

फतेहाबाद, 07 जुलाई  जिले के शहर टोहाना में दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के एक्सईएन कार्यालय में घुसकर हंगामा, हाथापाई और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में सिटी थाना टोहाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई एक्सईएन कृष्ण कुमार की शिकायत पर गांव गाजूवाला निवासी किसान देवेंद्र व उसके साथियों के खिलाफ की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। मूलरूप से रोहतक के रहने वाले एक्सईएन कृष्ण कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 6 जुलाई की दोपहर वह अपने कार्यालय में काम कर रहे थे। इसी दौरान गाजूवाला निवासी देवेंद्र अपने तीन-चार साथियों के साथ जबरन उनके केबिन में दाखिल हुआ और किसी काम को लेकर दबाव बनाने लगा। एक्सईएन के अनुसार, जब उन्होंने नियमसंगत काम करने की बात कही, तो आरोपियों ने उन्हें कथित तौर पर 500-500 रुपये के नोटों के दो बंडल देने की कोशिश की। शिकायत में कहा गया है कि जब अधिकारी ने पैसे लेने से मना कर दिया और वे कमरे से बाहर जाने लगे, तो आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया। एक्सईएन ने जैसे-तैसे पिछले रास्ते से अकाउंटेंट के कमरे में शरण ली, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गए। आरोप है कि वहां आरोपियों ने उनकी कमीज की जेब में जबरन पैसे डालने का प्रयास किया और विरोध करने पर हाथापाई व मारपीट शुरू कर दी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस दौरान उनका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश भी की गई, जिसके बाद कार्यालय के अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर उन्हें छुड़वाया।इस पूरी घटनाक्रम से जुड़ा एक वीडियो भी सोमवार को सोशल मीडिया पर सामने आया है। इस वीडियो में कुछ लोग एक्सईएन को जबरदस्ती नोटों के बंडल देने का प्रयास करते दिख रहे हैं, जबकि अधिकारी उनसे बचने के लिए कार्यालय में एक जगह से दूसरी जगह जाते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने इस वीडियो और शिकायत के आधार पर देवेंद्र के खिलाफ रिश्वत के झूठे मामले में फंसाने की साजिश रचने, सरकारी काम में बाधा डालने और जान से मारने की धमकी देने जैसी धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस फिलहाल मामले के दोनों पक्षों और वायरल वीडियो की जांच कर रही है।