हरियाणा में बढ़ता अपराध और नशा युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा: कुमारी सैलजा

सिरसा की सांसद, कांग्रेस कार्यसमिति की सदस्य, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने हरियाणा में लगातार बढ़ रहे अपराध, नशे और युवाओं के अपराध की ओर बढ़ते रुझान पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए भाजपा सरकार को चेतावनी दी है कि यदि समय रहते हालात पर नियंत्रण नहीं किया गया तो प्रदेश की सामाजिक व्यवस्था को गंभीर नुकसान पहुंचेगा।
कुमारी सैलजा ने जारी बयान में कहा कि कभी देश में विकास, भाईचारे और खुशहाली की पहचान रहा हरियाणा आज अपराध, रंगदारी, फिरौती, हत्या और गोलीबारी की घटनाओं से भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर हो गया है। प्रदेश के गांवों से लेकर शहरों तक संगठित अपराधी गिरोह सक्रिय हैं और सबसे चिंताजनक बात यह है कि बेरोजगार युवाओं को अपराध के रास्ते पर धकेला जा रहा है। उन्होंने कहा कि मामूली पैसों और झूठी चमक-दमक का लालच देकर युवाओं को अपराधी गिरोहों का औजार बनाया जा रहा है। सोशल मीडिया के माध्यम से अपराध का जाल फैलाया जा रहा है और नशे की बढ़ती प्रवृत्ति ने हालात को और गंभीर बना दिया है। यह केवल कानून व्यवस्था की विफलता नहीं, बल्कि सरकार की नीतिगत असफलता का परिणाम है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार देने में पूरी तरह विफल रही है। बेरोजगारी और निराशा का फायदा उठाकर आपराधिक गिरोह युवाओं को अपने जाल में फंसा रहे हैं। सरकार को युवाओं को भड़काने और झूठे प्रचार में उलझाने के बजाय रोजगार, शिक्षा, खेल और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध करवाने चाहिए ताकि वे अपराध और नशे से दूर रह सकें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय हरियाणा विकास, निवेश, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों में शामिल था, लेकिन आज प्रदेश अपराध के मामलों में लगातार बदनाम हो रहा है। प्रदेश की कानून व्यवस्था पर जनता का भरोसा कमजोर पड़ता जा रहा है और आम नागरिक स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहा है।
सांसद सैलजा ने कहा कि बेरोजगारी अपराध की सबसे बड़ी जननी है, अपराध से जुड़े गिरोह ऐसे बेरोजगारी युवाओंं को 10 से 15 हजार रुपये देकर उनसे अपराध करवा रहे है, किसी व्यापारी या धनाड्य व्यक्ति को डराने या उससे रंगदारी लेने के लिए उनके आवास या प्रतिष्ठान पर फायरिंग तक करवाई जाती है। इतना ही नहीं ऐसे धंधे में नाबालिगों तक को धकेला जा रहा है। दूसरी ओर अपने शौक पूरा करने के लिए भी युवा वर्ग अपराध क्षेत्र में कदम रख रहा है, ऐसेे अपराधियों को 10 से 15 हजार में आसानी से अवैध हथियार मिल जाते है, इस प्रकार के तथ्य पुलिस पूछताछ में सामने आते रहे हैं।
कुमारी सैलजा ने मांग की कि राज्य सरकार संगठित अपराध, नशा तस्करी और अवैध हथियारों के नेटवर्क के खिलाफ विशेष अभियान चलाए, युवाओं के लिए बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करे तथा पुलिस प्रशासन को राजनीतिक दबाव से मुक्त कर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की सुरक्षा, युवाओं के भविष्य और हरियाणा की सामाजिक शांति के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी।

