विभिन्न विभागों के सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने रेलवे स्टेशन सुपरीडेंट को सौंपा मांग पत्र

सिरसा।14 नवंबर सेवानिवृत्त रेल कर्मचारी एसोसिएशन व अन्य केंद्र व राज्य सरकार के सेवानिवृत्त कर्मचारियों की ओर से मांगों को लेकर स्टेशन सुपरीडेंट, सिरसा हरीश कुमार अरोड़ा को ज्ञापन सौंपा गया। इससे पूर्व सभी कर्मचारी रेलवे स्टेशन पर एकत्रित हुए। ज्ञापन कार्यक्रम की अध्यक्षता शाखा सचिव लक्ष्मीनारायण खर्रा ने की। शाखा सचिव लक्ष्मीनारायण खर्रा ने कहा कि कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन मांगें अभी तक ठंडे बस्ते में ही है। अगर केंद्र सरकार की ओर से मांगों को गंभीरता से नहीं लिया गया तो आगामी संघर्ष की रणनीति बनाई जाएगी। इस मौके पर सर्वसम्मति से आनंद स्वरूप रोहिल्ला को रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन के रिक्त पद पर सिरसा शाखाध्यक्ष नियुक्त किया गया। इस मौके पर हनुमान प्रसाद एजीएम, एमआर वर्मा डीजीएम, मदनलाल, होशियार सिंह रोडवेज से, त्रिलोकचंद एमईएस, एमआर वशिष्ठ डीजीएम, रमन सिंह शेखावत जेई, विनोद कुमार, अर्जुन शर्मा, मनोहरलाल लूथरा, सुरेश बाबू, साधुराम, चंदूलाल, आनंद स्वरूप, सुभाष, चिरंजीलाल सहित सैकड़ों कर्मचारी उपस्थित थे।
ये प्रमुख मांगें:
केंद्र सरकार ने 8वें वेतन आयोग में एक जनवरी 2026 से पहले सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों की पेंशन का पुनरनिर्धारण नहीं करने का प्रावधान किया है, जोकि होना चाहिए। एसोसिएशन की मांग है कि वेतन आयोग के विचारणीय विषयों में संशोधन कर पेंशनर्स के हितों की रक्षा की जाए और पूर्ववर्ती वेतन आयोगों की तरह वर्तमान पेंशन के पुनरनिर्धारण को शामिल किया जाए। अतिरिक्त पेंशन 54 वर्ष की आयु पर 5 प्रतिशत से शुरू करते हुए 70 वर्ष पर 10 प्रतिशत, 75 वर्ष पर 15 प्रतिशत, 80 वर्ष पर 20 प्रतिशत, 85 वर्ष पर 30 प्रतिशत, 90 वर्ष पर 40 प्रतिशत, 95 वर्ष पर 50 प्रतिशत और 100 वर्ष पर 100 प्रतिशत की जाए। फिक्स मेडिकल भत्ता एक हजार रुपए से बढ़ाकर तीन हजार रुपए किया जाए।

