Pal Pal India

फिर शुरू हुई राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा, धौलपुर में किया रोड शो​​​​​​​

 
 फिर शुरू हुई राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा, धौलपुर में किया रोड शो
धौलपुर , 2 मार्च  कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा शनिवार को धौलपुर से फिर से शुरू हुई। पांच दिन के अंतराल के बाद भारत जोडो न्याय यात्रा में राहुल गांधी ने रोड शो किया। इसके बाद चंबल नदी तट पर यात्रा ने मध्यप्रदेश के मुरैना जिले की सीमा में प्रवेश किया। इस दौरान सुरक्षा के कड़ प्रबंध किए गए थे।
राहुल गांधी शनिवार दोपहर हेलीकाप्टर से धौलपुर की रिजर्व पुलिस लाइन में बनाए गए हेलीपेड पर उतरे। यहां पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत तथा प्रदेश महामंत्री एवं राजाखेड़ा के विधायक रोहित बौहरा सहित अन्य ने उनकी आगवानी की। पुलिस लाइन से राहुल गांधी का काफिला आगरा-मुंबई नेशनल हाइवे स्थित राजाखेडा बाईपास पंहुचा। यहां से कड़ी सुरक्षा में भारत जोड़ो न्याय यात्रा एक बार फिर से शुरू हुई। न्याय यात्रा में ही रोड शो में लाल रंग की खुली जीप में सवार कांग्रेस नेता राहुल के साथ में अन्य कांग्रेसी नेता सवार थे। इस दौरान न्याय यात्रा एवं राहुल गांधी के रोड शो का शहर में कई स्थानों पर कांग्रेस नेताओं ने स्वागत किया।
रोड शो के दौरान राहुल गांधी ने हाथ हिलाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं तथा आमजन का अभिनंदन किया। राहुल की यात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, सचिन पायलट, प्रदेश प्रभारी सुखजिन्दर सिंह रंधावा, सह प्रभारी अमृता धवन, प्रदेश अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित राजस्थान एवं मध्य प्रदेश के कई कांग्रेसी नेता तथा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
धौलपुर में रोड शो के दौरान राहुल गांधी एक नए अवतार में दिखे। रोड शो के दौरान राहुल गांधी ने बाकी कांग्रेस नेताओं के साथ में उनका इंतजार कर रहे नौ साल के नन्हे कान्हा शर्मा को ना केवल केवल जीप में बुलाया, बल्कि उसको दुलार भी किया। इस दौरान कान्हा से आत्मीय वार्तालाप करते हुए राहुल ने उसकी शिक्षा तथा परिवार के बारे में पूछा। इस मुलाकात के दौरान कान्हा शर्मा ने अपनी गुल्लक राहुल गांधी को भेंट की, तो बदले में राहुल गांधी ने कान्हा को चाकलेट भेंट की। नन्हे कान्हा शर्मा के पिता एवं धौलपुर विधानसभा क्षेत्र के यूथ कांग्रेस अध्यक्ष श्याम सुन्दर शर्मा ने बताया कि राहुल गांधी के धौलपुर दौरे को देखते हुए कान्हा ने राहुल गांधी से मिलने तथा गुल्लक में रखे अपनी बचत के पैसों को राहुल गांधी को भेंट करने की इच्छा जाहिर की थी। आज राहुल गांधी ने भी कान्हा को निराश नहीं किया और उसको दुलारते हुए उसकी भेंट स्वीकार की।
अशोक गहलोत ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोडो न्याय यात्रा का पूरे देश में अच्छा मैसेज है। देश में चिंता और तनाव का माहौल है तथा लोकतंत्र खतरे में है। इसलिए राहुल गांधी वंचित एवं शोषितों को आर्थिक एवं सामाजिक न्याय दिलाने के लिए निकले हैं। हम सबको मिलकर राहुल एवं कांग्रेस के हाथ को मजबूत करना है।
देश में संवैधानिक संस्थाएं खतरे में : पायलट
पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कहा कि केंद्र की गलत नीतियों के कारण आज देश की संवैधानिक संस्थाएं खतरे में हैं। सरकार द्वारा संस्थाओं का गलत उपयोग किया जा रहा है। विपक्ष के विरुद्ध संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग से लोकतंत्र को खत्म किया जा रहा है। केंद्र सरकार के इस कृत्य से जनता में बहुत रोष है। आने वाले चुनाव में जनता वोटों के माध्यम से केंद्र सरकार को जबाब देगी
मणिपुर से मुंबई तक का सफर, न्याय दिलाने का संकल्प
राहुल गांधी मणिपुर से मुंबई तक की यात्रा पर निकले हैं। कांग्रेस नेता रोहित बौहरा ने मीडिया को बताया कि इस दौरान राहुल गांधी देश के 15 राज्यों से होते हुए करीब 6700 किलोमीटर की यात्रा करेंगे। इस दौरान राहुल देश के शोषित एवं वंचित वर्ग को आर्थिक एवं सामाजिक न्याय दिलाने के लिए संदेश दे रहे हैं। राजस्थान में 25 फरवरी को यात्रा पहुंचीं थी तथा बोथपुरा मोड पर सभा हुई थी। धौलपुर के राजाखेड़ा बाईपास से यह न्याय यात्रा आज दोपहर में शुरू हुई तथा करीब आधे घंटे में आगरा मुंबई नेशनल हाइवे स्थित चंबल नदी सड़क पुल से मध्य प्रदेश के मुरैना जिले की सीमा में प्रवेश कर गई।