राहुल गांधी की गिरफ्तारी निंदनीय: कुमारी सैलजा

नई दिल्ली, 21 जुलाई।
सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) सदस्य कुमारी सैलजा ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत संवाद, असहमति का सम्मान और विपक्ष की आवाज़ को सुनना है, लेकिन आज इन मूल्यों को कुचला जा रहा है। यदि जनहित के मुद्दे सदन में उठाने नहीं दिए जाएंगे और शांतिपूर्ण विरोध को भी बलपूर्वक दबाया जाएगा, तो यह लोकतंत्र की सीधी हत्या है।
उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य, शिक्षा व्यवस्था और युवाओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दे पूरे देश की चिंता हैं, लेकिन सरकार इन गंभीर सवालों से भाग रही है। टकराव और दमन की राजनीति छोड़कर सरकार को जवाबदेही निभानी चाहिए। लोकतंत्र में सत्ता और विपक्ष दोनों की जिम्मेदारी होती है, लेकिन जब सत्ता ही विपक्ष की आवाज़ दबाने लगे, तो यह खतरनाक संकेत है। कुमारी सैलजा ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी बेहद निंदनीय और अलोकतांत्रिक कदम है। शांतिपूर्ण विरोध करना और अपनी बात रखना संविधान द्वारा दिया गया अधिकार है, जिसे इस तरह कुचलना लोकतंत्र के मूल ढांचे पर हमला है। ऐसे कदम सरकार की असहिष्णुता और डर को उजागर करते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों, युवाओं और आम नागरिकों के मुद्दों को सड़क से लेकर संसद तक पूरी ताकत से उठाती रहेगी। हमारा संघर्ष टकराव के लिए नहीं, बल्कि न्याय, पारदर्शिता और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए है, और इसे किसी भी कीमत पर दबाया नहीं जा सकता

