राहुल आज लोकसभा में रख सकते हैं अपना पक्ष

नई दिल्ली, 17 मार्च। कांगे्रस के वरिष्ठ नेता एवं सांसद राहुल गांधी अपनी लंदन स्पीच पर आज लोकसभा में पक्ष रख सकते हैं। इससे पहले वे कल संसद पहुंचे थे और लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला से मिलकर सदन में भाषण के लिए वक्त मांगा था। साथ ही उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस भी की।
उधर, भाजपा राहुल से माफी की मांग पर अड़ी है। भाजपा के निशिकांत दुबे ने लोकसभा स्पीकर को पत्र लिखकर राहुल के सदन से निष्कासन की मांग की है। उन्होंने कहा कि उनके बयान की जांच के लिए एक समिति बनाई जाए। संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण का आज पांचवां दिन हैं। पहले चार दिन राहुल गांधी के लंदन में दिए गए भाषण और अडाणी मामले में हंगामे की भेंट चढ़ गए।
भाजपा की स्पेशल कमेटी की मांग
सांसद निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी के बयानों की जांच के लिए एक स्पेशल कमेटी बनाने की मांग की है। दुबे ने कहा कि राहुल गांधी ने यूरोप और अमेरिका में अपनी बयानों से लगातार संसद और देश की गरिमा को धूमिल किया है। इसलिए उन्हें संसद से निष्कासित करने का समय आ गया है। उनकी लोकसभा सदस्यता को समाप्त करने में मदद करनी चाहिए।
इस बीच, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने एक वीडियो जारी किया है, जिसमें उन्होंने राहुल गांधी से माफी मांगने को कहा है। उन्होंने कहा- दुर्भाग्य की बात यह है कि कांग्रेस देश विरोधी गतिविधियों में शामिल हो गई है। जनता के बार-बार नकारे जाने के बाद राहुल गांधी इस देश विरोधी टूलकिट का एक पक्का और नियमित हिस्सा बने हुए हैं।