Pal Pal India

मेरी मां को धक्का दिया, मुझे घसीटकर ले गए पुलिसवाले: ध्रुव राठी

 -यूट्यूबर ध्रुव राठी ने दिल्ली पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
 
   मेरी मां को धक्का दिया, मुझे घसीटकर ले गए पुलिसवाले: ध्रुव राठी

गुरुग्राम, 11 अक्टूबर  यूट्यूबर ध्रुव राठी ने हिरासत से रिहा होने के बाद वीडियो जारी कर दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा है कि शनिवार की सुबह सादे कपड़ों में करीब 50 लोग गुरुग्राम के केंद्रीय विहार स्थित उनके घर में घुसे। उनकी मां को धक्का दिया और उन्हें बेडरूम से घसीटकर जीप में ले गए। उन्हें 22-23 घंटे हिरासत में रखा गया और वकील से बात नहीं करने दी गई।
ध्रुव राठी ने इस कार्रवाई को गिरफ्तारी नहीं, किडनैपिंग बताया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक उन्हें सेक्टर-39 क्राइम ब्रांच थाने में रखा गया था। हालांकि इस मामले में पुलिस का आधिकारिक बयान नहीं आया है। जारी वीडियो में ध्रुव राठी ने पासपोर्ट दिखाते हुए कहा मैं जर्मनी या किसी दूसरे देश का नागरिक नहीं हूं। मैं भारतीय हूं, भारतीय था और भारतीय रहूंगा। मुझे देश के मुद्दों पर बोलने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में अघोषित इमरजेंसी जैसे हालात हैं और सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वालों को डराया जा रहा है। पीएम मोदी सरकार पर चुनाव आयोग, मीडिया और न्यायपालिका जैसी संस्थाओं पर दबाव बनाने का आरोप भी लगाया। बता दें कि ध्रुव राठी ने शुक्रवार को एक वीडियो जारी कर लोगों से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की थी। जिसके बाद वे पुलिस के रडार पर थे। शनिवार की सुबह पुलिस ने उन्हें घर से ही हिरासत में ले लिया। जिस कारण वे जंतर-मंतर पर नहीं पहुंच पाए।