Pal Pal India

पुलिस का दुरुपयोग और राजनीतिक प्रतिशोध की राजनीति बंद करे पंजाब सरकार : भाजपा

 
 पुलिस का दुरुपयोग और राजनीतिक प्रतिशोध की राजनीति बंद करे पंजाब सरकार : भाजपा
 चंडीगढ़, 10 मई  पंजाब में भाजपा कार्यालयों पर कथित हमलों और आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं के अभद्र व्यवहार को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब सरकार पर बड़ा हमला बोला है। भाजपा नेता अश्वनी शर्मा ने पंजाब सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि राजनीतिक डराने-धमकाने की कोशिशों और पुलिस मशीनरी के दुरुपयोग को भाजपा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।
चंडीगढ़ में भाजपा पंजाब के प्रदेश मीडिया प्रमुख विनीत जोशी की मौजूदगी में मीडिया को संबोधित करते हुए अश्वनी शर्मा ने आरोप लगाया कि पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार सरकारी तंत्र का गलत इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने के साथ-साथ अपने नेताओं पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों से जनता का ध्यान हटाने की कोशिश कर रही है।
अश्वनी शर्मा ने हाल ही में मंत्री संजीव अरोड़ा से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि जब भी जांच एजेंसियां आप नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करती हैं, तो पार्टी लोकतंत्र और संविधान खतरे में होने का शोर मचाने लगती है। उन्होंने कहा कि न तो पंजाब खतरे में है और न ही लोकतंत्र, बल्कि आम आदमी पार्टी की भ्रष्ट व्यवस्था जरूर खतरे में है। शर्मा ने आरोप लगाया कि सरकार अपनी प्रशासनिक विफलताओं और भ्रष्टाचार के मामलों को छिपाने के लिए राज्य में जानबूझकर राजनीतिक टकराव का माहौल बना रही है।
पश्चिम बंगाल की राजनीति का उदाहरण देते हुए अश्वनी शर्मा ने कहा कि आम आदमी पार्टी पंजाब में भय और हिंसा का माहौल तैयार करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग ऐसी राजनीति को स्वीकार नहीं करेंगे और राज्य को अराजकता की ओर नहीं जाने देंगे।
शर्मा ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी निशाना साधते हुए कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा और आतंकवाद जैसे संवेदनशील मुद्दों पर गैर-जिम्मेदाराना बयान देना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पंजाब आतंकवाद का दर्द पहले झेल चुका है और ऐसे मुद्दों पर राजनीति करना राज्य की शांति के लिए खतरनाक हो सकता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा विकास, किसानों के कल्याण, कर्ज मुक्त पंजाब और नशा मुक्त समाज के एजेंडे पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पंजाब और जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाते रहेंगे