आढ़तियों और किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता से होगा समाधान : चेयरमैन राजेश ठकराल

- सिरसा, 17 अक्टूबर।
हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन राजेश ठकराल और सचिव योगेश कुमार मेहता ने सिरसा अनाज मंडी स्थित मार्केट कमेटी कार्यालय में आढ़तियों और व्यापारियों के साथ बैठक की। बैठक में मंडी की व्यवस्थाओं, धान खरीद, बरसाती पानी की निकासी और व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। बोर्ड चेयरमैन ने आश्वासन दिया कि व्यापारियों, आढ़तियों और किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करवाया जाएगा।
चेयरमैन राजेश ठकराल ने कहा कि हरियाणा सरकार मंडियों में किसानों और आढ़तियों को होने वाली परेशानियों को लेकर गंभीर है। बरसाती मौसम में मंडियों में पानी की निकासी सुनिश्चित करने और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। मार्केट कमेटी अधिकारियों को पत्र लिखकर मंडी में व्यवस्थाएं सुचारू रखने के निर्देश दिए गए हैं। मंडियों की व्यवस्थाओं की जांच के लिए दौरा भी किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि रतिया और टोहाना के बाद वह सिरसा अनाज मंडी का निरीक्षण करने पहुंचे हैं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड सरकार और व्यापारियों के बीच कड़ी के रूप में काम कर रहा है। व्यापारियों और आढ़तियों की समस्याओं के समाधान के लिए वे स्वयं सिंगल विंडो की तरह कार्य कर रहे हैं। किसी भी विभाग से संबंधित शिकायत या समस्या को संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाकर उसका समाधान करवाने का प्रयास किया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि व्यापारी कोई नया प्रोजेक्ट शुरू करना चाहते हैं, तो बोर्ड उनकी सहायता के लिए तत्पर रहेगा।
बोर्ड चेयरमैन ने कहा कि मंडी में किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदा जाएगा और खरीद प्रक्रिया के दौरान किसानों, व्यापारियों तथा आढ़तियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपनी फसल को अच्छी तरह सुखाकर मंडी में लाएं, ताकि उसकी खरीद में किसी प्रकार की दिक्कत न आए। बैठक के दौरान आढ़तियों ने कई मांगें रखीं, इस पर बोर्ड अध्यक्ष ने समाधान का आश्वासन दिया।
बैठक के बाद राजेश ठकराल ने मंडी में धान की ढेरियों पर पहुंचकर खरीद प्रक्रिया और फसल की बिक्री से संबंधित जानकारी ली। उन्होंने आढ़तियों से उनकी समस्याओं के बारे में चर्चा की और भरोसा दिलाया कि उनकी ओर से सौंपे गए मांगपत्र का अवलोकन कर संबंधित समस्याओं को दूर करवाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
बैठक में हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड के चेयरमैन रोहताश जांगड़ा ने कहा कि प्रदेश सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। लोगों और व्यापारियों के सामने आने वाली समस्याओं को दूर करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान करवाना बोर्ड की प्राथमिकताओं में शामिल है। व्यापारियों और आढ़तियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की ओर से सामने आने वाली समस्याओं को संबंधित विभागों के समक्ष उठाकर उनका समाधान करवाया जाएगा।
इस अवसर पर आढ़तिया एसोसिएशन के कार्यालय में चेयरमैन राजेश ठकराल व सचिव योगेश कुमार मेहता के सम्मान में अभिनंदन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसके अलावा उन्होंने मंडी में आयोजित अन्य कार्यक्रमों में भी भाग लिया, जिसमें गौ सेवा आयोग के चेयरमैन रामचंद्र कंबोज, पूर्व विधायक मक्खन लाल सिंगला सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर मार्केट कमेटी के चेयरमैन इंद्रपाल जांगड़ा, वाइस चेयरमैन जनकराज, आढ़तिया एसोसिएशन के प्रधान प्रेम बजाज, पूर्व प्रधान मनोहर मेहता, सुशील कस्वां, कृष्ण मेहता, राजेंद्र नड्डा, सिकंदर खट्टर, डीएमईओ राहुल कुंड्डु, सचिव वीरेंद्र मेहता, बिजली बोर्ड के एसडीओ विकास ठकराल, ईटीओ सुरेंद्र गोदारा, अमर सिंह घोटिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, व्यापारी और आढ़ती उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन: 01 से 03
------------
सेवा संकल्प अभियान के तहत पीएचसी दड़बा कलां में रक्तदान शिविर आयोजित, 31 यूनिट रक्त एकत्रित
सिरसा, 17 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला रेडक्रॉस सोसायटी, सिरसा की ओर से स्वास्थ्य विभाग की ब्लड बैंक टीम के सहयोग से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दड़बा कलां में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कुल 31 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सहायक सचिव गुरमीत सिंह ने बताया कि रक्तदान एक पुनीत कार्य है, जिससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध करवाकर उनकी जान बचाई जा सकती है। रक्त की आवश्यकता दुर्घटनाओं, गंभीर बीमारियों, ऑपरेशन तथा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में पड़ती है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों का विशेष महत्व है।
उन्होंने कहा कि जिला रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से समय-समय पर रक्तदान शिविर आयोजित कर लोगों को इस नेक कार्य के प्रति जागरूक किया जाता है। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सामाजिक सरोकारों से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देना और लोगों को जनकल्याण के कार्यों में भागीदारी के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए आमजन से अपील की कि वे रक्तदान के लिए आगे आएं और जरूरतमंद मरीजों की सहायता में अपना योगदान दें।

