Pal Pal India

विपक्षी एकता पर प्रधानमंत्री का प्रहार

कहा- जिनके दामन दागदार हैं वो एक साथ आने की कर रहे कोशिश  
 
विपक्षी एकता पर प्रधानमंत्री का प्रहार
रायपुर, 07 जुलाई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के रायपुर में शुक्रवार को 7600 करोड़ रुपये की लागत वाली 10 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छत्तीसगढ़ का इस्तेमाल एटीएम की तरह करती है। कांग्रेस करप्शन की पाठशाला है। यह करप्शन और कुशासन का मॉडल बन चुकी है। प्रधानमंत्री ने आगामी चुनावों को लेकर विपक्षी एकता की कोशिशों पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिनके दामन दागदार हैं वो आज एक साथ आने की कोशिश कर रहे हैं। उनको लगता है कि ऐसा करके वो मोदी को हिला देंगे। वो एक बात कान खोलकर सुन लें, वो अगर भ्रष्टाचार की गारंटी हैं तो मोदी भ्रष्टाचार पर कार्रवाई की गारंटी है।

प्रधानमंत्री मोदी ने रायपुर के साइंस कालेज मैदान में भाजपा की संकल्प रैली में कहा कि रायपुर अगले 25 साल छत्तीसगढ़ के विकास के लिए बहुत महत्वपूर्ण है, लेकिन इसके सामने एक बड़ा पंजा खड़ा हो गया है। कांग्रेस के पंजे ने ठान लिया है कि वो छत्तीसगढ़ के लोगों को लूट-लूट कर बर्बाद कर देगा। प्रधानमंत्री ने भाषण की शुरुआत छत्तीसगढ़ी में की। जय जोहार बोलकर उन्होंने लोगों का अभिवादन किया। सभा में आ रहे तीन कार्यकर्ताओं की मौत पर उन्होंने दुख जताया। उन्होंने घायलों की मदद करने और जल्द ठीक होने की कामना की।

प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में केंद्र की योजनाओं का जिक्र कर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस करप्शन और कुशासन का मॉडल बन चुकी है। उन्होंने कहा कि इस राज्य के निर्माण में भाजपा की बड़ी भूमिका रही है। भाजपा ही छत्तीसगढ़ के लोगों को समझती है, इसलिए दिल्ली से पूरी ताकत लगा रही है। इसीलिए आज सात हजार करोड़ से ज्यादा की परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास हुआ है। अगले 25 साल छत्तीसगढ़ के विकास के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। छत्तीसगढ़ के युवाओं में बहुत उर्जा है। कहते हैं छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया, लेकिन इसके सामने एक बड़ा पंजा खड़ा हो गया है। कांग्रेस के पंजे ने ठान लिया है कि वो छत्तीसगढ़ के लोगों को लूट-लूट कर बर्बाद कर देगा।

उन्होंने कहा कि गंगा जी की झूठी कसम खाने का पाप कांग्रेस ही कर सकती है। गंगा जी हाथ में लेकर दावा किया था, लेकिन आज घोषणा पत्र की याद दिलाते ही कांग्रेस की याददाश्त चली जाती है। उन्होंने कहा कि इनके फरेब की पोल खोलने के लिए इनके एक वादे की याद दिलाना चाहता हूं, वो वादा था शराबबंदी लागू करने का। कहा था कि अनुसूचित जनजाति के इलाकों में ग्राम सभाओं को शराबबंदी का अधिकार दिया जाएगा, लेकिन हजारों करोड़ रुपये का शराब घोटाला कर दिया है। इसकी पूरी जानकारी अखबारों में भरी पड़ी है, कांग्रेस ने यहां की माताओं बहनों से धोखा किया। आरोप है कि कमीशन के पैसे उगाहे जाते थे वो कांग्रेस के खाते में जाते थे। इसी घोटाले के कारण यहां ढाई-ढाई साल मुख्यमंत्री वाला फार्मूला लागू नहीं हो पाया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि यहां कोई विभाग, काम ऐसा नहीं है जिसमें घोटाला नहीं है, सेंड माफिया, लैंड माफिया, कोल माफिया न जाने कैसे कैसे माफिया यहां फल-फूल रहे हैं। आज छत्तीसगढ़ सरकार कांग्रेस के भ्रष्टाचार और कुशासन का मॉडल बन चुकी है। इसलिए आज छत्तीसगढ़ के हर कोने से एक ही आवाज गूंज रही है- बदलबो—बदलबो…ये दारी कांग्रेस के सरकार ल बदलबो। छत्तीसगढ़ में बीते चार साल में जो हुआ उससे सिद्ध हुआ कि कांग्रेस के पोर—पारे में करप्शन बसा हुआ है। करप्शन कांग्रेस की विचारधारा है।

उन्होंने कहा कि ये लोग मेरे पीछे पड़ेंगे, लेकिन ये नहीं जानते जो डर जाए वो मोदी नहीं है। कांग्रेस चाहे जितनी चाल चल ले, लेकिन मोदी छत्तीसगढ़ को आगे ले जाने से पीछे नहीं रहेगा। मोदी गरीब का बेटा है इसलिए जानता है कि गांव में सड़कों का विकास होने से कितना विकास होता है। जब गांव—गांव तक सड़क पहुंचेगी तो विकास भी तेजी से होगा। भाजपा सरकार नेशनल हाइवे के लिए कांग्रेस से कई गुना ज्यादा खर्च करती है। बीते 9 साल में नक्सलवाद की समस्या से बाहर निकालने का हमारा प्रयास आज पूरा देश देख रहा है। कुछ साल पहले देश में नक्सल प्रभावित राज्यों की संख्या 126 थी, लेकिन आज 70 तक रह गई है।

कांग्रेस अपने भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए झूठी गारंटी दे रही है। लेकिन आपको बता दें भाजपा ही असल गारंटी देती है। भाजपा गरीब का कल्याण करने वाली पार्टी, लेकिन कांग्रेस गरीब की सबसे बड़ी दुश्मन है। भाजपा सरकार जो दिल्ली से गरीब के लिए योजना बनाती है, उस पर यहां की कांग्रेस सरकार अड़ंगा डाल देती है। प्रधामंत्री आवास योजना इसका उदाहरण है। जब तक यहां भाजपा की सरकार थी तेजी से गरीबों का घर बन रहा था, लेकिन कांग्रेस सरकार आते एक साल में एक लाख घर भी नहीं बनवा पाए। जबकि पैसे दिल्ली से भेजते हैं। आज कई घर पूरा निर्माण कार्य के लिए इंतजार में बैठे हैं। पड़ोसी राज्यों में तेजी से गरीबों के घर बन रहे हैं। लेकिन यहां कांग्रेस ने इसे रोक रखा है।