Pal Pal India

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पहुंचीं भोपाल, मुख्यमंत्री ने किया स्वागत

 
 राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पहुंचीं भोपाल, मुख्यमंत्री ने किया स्वागत
भोपाल, 03 अगस्त। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को एक दिवसीय मध्य प्रदेश के प्रवास पर पहुंच गईं हैं। यहां राजा भोज विमान तल पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्वागत किया। राष्ट्रपति यहां रवींद्र भवन में 'उत्कर्ष-उन्मेष' उत्सव का शुभारंभ करेंगी।

राष्ट्रपति मुर्मू गुरुवार को पूर्वान्ह करीब 11.30 बजे विशेष विमान से राजाभोज विमान पहुंची। यहां राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। यहां से राष्ट्रपति का काफिला रवींद्र भवन के लिए रवाना हो गया, जहां वह एशिया के सबसे बड़े साहित्य उत्सव उन्मेष और लोक व जनजातीय अभिव्यक्तियों के कला उत्सव उत्कर्ष का शुभारंभ करेंगी।

रविंद्र भवन में आयोजित उत्कर्ष एवं उन्मेष कार्यक्रम में राष्ट्रपति के स्वागत में देशभर के 500 से ज्यादा कलाकार नृत्य की प्रस्तुति देंगे। राष्ट्रपति इस कार्यक्रम में करीब दो घंटे रहेंगी। शुभारंभ के दौरान एक ही मंच पर विभिन्न राज्यों की संस्कृति की झलक दिखेगी। एंट्री गेट से सभागार तक राष्ट्रपति के स्वागत के रूप में नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। कार्यक्रम में राज्यपाल पटेल और शिवराज सिंह चौहान भी उपस्थित रहेंगे।

संस्कृति मंत्रालय के संगीत नाटक एवं साहित्य अकादमी, संस्कृति विभाग मध्यप्रदेश के सहयोग से यह आयोजन हो रहा है। पिछली बार शिमला में यह आयोजन हुआ था। मध्यप्रदेश में यह तीन दिवसीय कार्यक्रम पहली बार हो रहा है। राष्ट्रपति कार्यक्रम के शुभारम्भ के बाद दोपहर 1.30 बजे वे राजभवन जाएंगी। यहां वे शाम 4.15 बजे तक रहेंगी। तत्पश्चात शाम 4.30 बजे वे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी।