Pal Pal India

कर्नाटक में सत्ता का संकट समाप्त, सिद्धारमैया बनेंगे सीएम

डीके को डिप्टी सीएम का ओहदा, बहुमत के 5 दिन बाद कांग्रेस का ऐलान 
 
कर्नाटक में सत्ता का संकट समाप्त, सिद्धारमैया बनेंगे सीएम 

बेंगलुरु, 18 मई। बहुमत मिलने के बाद 5 दिन की मान-मनुहार व सोनिया गांधी के हस्तक्षेप के बाद मुख्यमंत्री पद के लिए अड़े डीके शिवकुमार मान गए। सिद्धारमैया कर्नाटक के सीएम और शिवकुमार डिप्टी सीएम होंगे। देर रात 2 बजे सोनिया गांधी ने वीसी के माध्यम से डीके से बातचीत की। इसके बाद ही वे डिप्टी सीएम पद के लिए तैयार हुए। आज दोपहर 12 बजे केसी वेणुगोपाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी औपचारिक घोषणा की।

डीके शिवकुमार ने आज सुबह कहा कि मैं पार्टी के फॉर्मूले पर राजी हूं। आगे लोकसभा चुनाव हैं और मैं जिम्मेदारियों के लिए तैयार हूं। पार्टी के हित को ध्यान में रखते हुए मैंने सहमति दी है। शिवकुमार के भाई सांसद डीके सुरेश ने कहा कि मैं पूरी तरह से खुश नहीं हूं।
20 मई को साढ़े 12 बजे शपथ ग्रहण
केसी वेणुगोपाल ने कहा, पिछले 3-4 दिन से हम कोशिश कर रहे थे कि सबमें सहमति हो जाए। डीके शिवकुमार ने राज्य के कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भर दी है। इसमें कोई शक नहीं है। शिवकुमार अध्यक्ष थे और सिद्धारमैया साथ थे। दोनों कर्नाटक में पार्टी के लिए बहुत बड़ा कद रखते हैं।

हां, सबकी अपनी इच्छाएं होती हैं। दोनों बहुत काबिल हैं। हमने हाईकमान से बात की, इन सभी लोगों से बातचीत की। सोनिया, राहुल और प्रियंका के अलावा बाकी वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने फैसला लिया। उन्होंने मुझसे कहा कि आप यह आदेश मीडिया के जरिए कर्नाटक की जनता को बताइए। उन्होंने फैसला किया है कि सिद्धारमैया मुख्यमंत्री होंगे। डीके शिवकुमार अकेले डिप्टी सीएम होंगे। वह लोकसभा चुनाव तक पीसीसी अध्यक्ष भी बने रहेंगे।

20 मई को साढ़े 12 बजे शपथ ग्रहण होगा। मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम के अलावा कुछ मंत्री भी शपथ लेंगे। कांग्रेस ने शाम 7 बजे बेंगलुरु में कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई है। इसमें पार्टी के सेंट्रल ऑब्जर्वर पहुंचेंगे।

लोकसभा चुनाव के बाद डीके सीएम बनेंगे
शिवकुमार 50-50 फॉर्मूले पर राजी हुए हैं। पहले ढाई साल सिद्धारमैया सीएम रहेंगे और बाद के ढाई साल डीके। यानी डीके लोकसभा चुनाव के बाद 2025 में मुख्यमंत्री बनेंगे। वे ही पीसीसी अध्यक्ष भी बने रहेंगे।