विकास, सुशासन और जवाबदेही की राजनीति भाजपा की प्राथमिकता: डा. अर्चना गुप्ता

सिरसा। भाजपा की असली ताकत उसके कर्मठ, मेहनती, ईमानदार व पार्टी समर्पित कार्यकर्ता हैं और संगठन को उन क्षेत्रों में और मजबूत किया जाएगा, जहां इसकी पहुंच कम है। पुराने कार्यकतार्ओं का मार्गदर्शन और अनुभव बहुत महत्वपूर्ण है, लेकिन नई पीढ़ी की सक्रिय भागीदारी के बिना संगठन आगे नहीं बढ़ सकता। प्रयास रहेगा कि महिलाओं की भी अधिक से अधिक भागीदारी पार्टी के हर कार्यक्रम में सुनिश्चित की जाए, ताकि महिलाओं को भी पार्टी में सक्रियता का अधिकार मिल सके। उपरोक्त बातें भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने मंगलवार को सिरसा दौरे पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकतार्ओं से कही। सर्वप्रथम भाजपा जिलाध्यक्ष एडवोकेट यतींद्र सिंह, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल व जगदीश चोपड़ा द्वारा फूल मालाओं से उनका सरसाईनाथ नगरी में पहली बार आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। डा. गुप्ता ने कहा कि सर्वप्रथम उन्हें महिला मोर्चा का जिला अध्यक्ष बनाया गया, तब संगठनात्मक कामकाज का ज्यादा अनुभव नहीं था। कई बार यह चिंता होती थी कि सभी को साथ लेकर कैसे चलूंगी और जिम्मेदारियों को कैसे निभाऊंगी। शुरूआती दौर में चुनौतियां भी आईं, लेकिन समाज और कार्यकतार्ओं का लगातार सहयोग मिलता रहा, जिसने मेरा आत्मविश्वास बढ़ाया। उन्होंने कहा कि मेरी प्राथमिकता रहेगी की युवाओं को नई ऊर्जा, नया उत्साह और नए विचारों के साथ पार्टी में जोड़ना है। पत्रकारों द्वारा पहली बार महिला प्रदेशाध्यक्ष बनाए जाने के सवाल पर डा. गुप्ता ने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महिला सशक्तिकरण के दृष्टिकोण का परिणाम है। उन्होंने महिलाओं के जीवन में छोटे-छोटे बदलावों के माध्यम से बड़ा प्रभाव डाला है। महिलाओं में नई ऊर्जा और विश्वास पैदा किया है। हरियाणा में भी इसी कड़ी में महिलाओं को जिम्मेदारी देने का निर्णय लिया गया।
पंजाब में खिलेगा इस बार कमल:
पंजाब में होने वाले चुनावों संबंधी सवाल के जवाब में प्रदेशाध्यक्षा ने कहा कि पंजाब हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण राज्य है। मुख्यमंत्री नायब सैनी लगातार वहां जा रहे हैं और लोगों से संवाद कर रहे हैं। आज पंजाब की जनता हरियाणा मॉडल को देख रही है, जहां भाजपा सरकार ने अपने वादों को धरातल पर उतारने का काम किया है। हमारी पहचान केवल घोषणाएं करने की नहीं, बल्कि उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा करने की है। जनता अब वादों और वास्तविक डिलीवरी के बीच का अंतर समझती है। हमें विश्वास है कि पंजाब में भी लोग विकास, सुशासन और जवाबदेही की राजनीति को प्राथमिकता देंगे।
नशे के खात्मे के लिए सरकार संकल्पबद्ध:
नशे संबंधी किए गए सवाल के जवाब में प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि सरकार नशे के जड़मूल खात्मे के लिए संकल्पबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस सामाजिक बिमारी को जनसहयोग के बिना खत्म नहीं किया जा सकता। उन्होंने सभी पार्टी कार्यकर्ताओं से भी आह्वान किया कि वे युवाओं को जागरूक करें। जो भी युवा नशे से ग्रस्त है, उसका उपचार करवाकर उसे समाज की मुख्य धारा में लेकर आएं।
देशभर में भाजपा की चल रही प्रचंड आंधी:
डा. गुप्ता ने कहा कि देशभर में भाजपा की प्रचंड आंधी चल रही है। इस आंधी में कोई न कोई कोना सूखा रह जाता है। उन्होंने कहा कि मन के हारे हार है, मन के जीते जीत है...। इनेलो पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जिस परिवार ने लंबे समय तक सिरसा में राज किया, लेकिन सिरसा के लिए क्या किया। किसान, महिलाओं, मजदूरों, बेरोजगारों के लिए क्या किया, ये सिरसा की जनता जानना चाहती है। भाजपा सरकार ने अपने शासनकाल में 80 करोड़ से अधिक लोगों को अनाज देने का काम किया। 35 करोड़ से अधिक महिलाओं के खाते खोले, करोड़ों महिलाओं के किचन में गैस पहुंचाने का काम किया।
एक ही परिवार ने किया लंबे समय तक राज:
डा. गुप्ता ने कहा कि आज तक कार्यकर्ताओं के मन में एक ही टीस थी, कि मैं मेहनत क्यों करू? क्योंकि यहां जीतेगा तो एक ही परिवार। हमें सर्वप्रथम अपनी मानसिकता को बदलना होगा। जब तक कार्यकर्ता और खासकर महिला शक्ति अपने मन से डर को नहीं निकालेंगी, तब तक सरकार में भागीदारी नहीं हो सकती। उन्होंने पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए कहा कि जहां कभी ममता बनर्जी का इतना आतंक था, आज वहां रामराज्य स्थापित हो चुका है। हमें चलने की जरूरत है, कदम बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने एक चींटी का उदाहरण देते हुए कहा कि वो सौ बार फिसलती है, लेकिन उसका हौंसला इतना मजबूत होता है कि वो अपनी मंजिल तक पहुंच ही जाती है। उन्होंने कहा कि खाली बातें करने से व नारे लगाने से कुछ नहीं होगा। अपने अंदर के आत्मविश्वास को जगाना होगा, तभी क्रांति की लौ उठेगी।
जन-जन तक पहुंचाएं केंद्र व राज्य सरकार की योजनाएं:
केंद्र सरकार व हरियाणा सरकार की गरीब कल्याणकारी योजनाएं हैं, उन योजनाओं को नीचे तक लेकर जाना, उन योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना है।
..........................................
जिला अध्यक्ष एडवोकेट यतिंद्र सिंह ने कहा कि आपके आने से बूथ तक के कार्यकतार्ओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। भाजपा ने एक ऐसे कार्यकर्ता को प्रदेश अध्यक्ष बनाया है, जिसे बूथ-मंडल-जिला व प्रदेश नेतृत्व में काम करने का अनुभव है। वरिष्ठ भाजपा नेता जगदीश चोपड़ा ने कहा कि लोकसभा के साथ-साथ पांचों विधानसभाओं में आने वाले 2029 के चुनावों में बखूबी कमल खिलेगा। पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल ने कहा कि भाजपा ही ऐसी पार्टी है, जिसकी कथनी और करनी में कोई फर्क नहीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ही बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा दिया। इसी भाजपा ने प्रदेश अध्यक्ष के रूप में एक महिला डा. अर्चना गुप्ता को प्रदेश का जिम्मा सौंपकर महिला सशक्तिकरण का सशक्त उदाहरण प्रस्तुत किया। उड़ीसा के पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशीलाल ने कहा कि आपके आगमन ने सिरसा भाजपा इकाई में एक नई जान फूंकने का काम किया है। उन्होंने कहा कि सिरसा में ही नहीं, हरियाणा में ही नहीं, अपितु हिन्दुस्तान में 2029 नहीं, 2049 तक भाजपा की सरकार बनी रहेगी। भाजपा का ही कार्यकर्ता है, जो अपने ही नहीं पूरे देश के साथ-साथ सभी के बारे में सोचता है। इस मौके पर सुरेंद्र आर्य, मीनू बैनीवाल, जवाहर लाल सैनी, रोहताश जांगड़ा, वेद फूला, गोबिंद कांडा, श्याम बजाज, अंबर मेहता, हनुमान कुंडू, शांति स्वरूप, शीशपाल कंबोज, अमीर चंद मेहता, मक्खन लाल सिंगला, प्रदीप रातुसरिया, रतन लाल बामनियां, मक्खन सिंह, अमन चोपड़ा, गुरदेव सिंह राही, राम चंद कंबोज, विनोद स्वामी, कपिल सोनी एडवोकेट, विष्णु शर्मा, सुनील बामणिया, मुकेश मेहता, सुशील सैनी, सुभाष चौधरी, अंग्रेज सिंह, अजय शेरपुरा, राघव गुप्ता, नताशा सिहाग, वीर शांति स्वरूप, गणेश सहित अन्य पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

