पुलिस जुआरियों पर बड़ी कार्रवाई,जुआ खेल रहे 25 लोग गिरफ्तार, 5.71 लाख रुपये बरामद ।
May 29, 2026, 13:38 IST

सिरसा.29 मई सिरसा पुलिस द्वारा अपराध एवं गैर कानूनी गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए ऐलनाबाद पुलिस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर सिरसा के चंडीगढिया मोहल्ला क्षेत्र में एक मकान पर दबिश देकर बड़े स्तर पर चल रहे जुए के अड्डे का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से मकान मालिक सहित कुल 25 लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 5 लाख 71 हजार 105 रुपये की नकद राशि तथा ताश के पत्ते बरामद किए हैं।इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बताया कि सीआईए ऐलनाबाद की पुलिस टीम बीती रात गश्त के दौरान आईटीआई चौक क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि चंडीगढिया मोहल्ला निवासी दीपक उर्फ काका पुत्र जय सिंह अपने घर में कई लोगों को इकट्ठा कर बड़े स्तर पर जुआ खिलवा रहा है।सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बताए गए मकान पर दबिश दी। पुलिस को देखकर मौके पर मौजूद लोग भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सभी को मौके पर ही काबू कर लिया। तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से 5 लाख 71 हजार 105 रुपये की नकदी तथा ताश के पत्ते बरामद किए गए।गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान महेन्द्र निवासी हिसार, पवन कुमार निवासी सिरसा, ललित कुमार निवासी हिसार, बलजिन्द्र निवासी हिसार, मनोज कुमार निवासी सिरसा, बुधराम निवासी फतेहाबाद, चंद्रगोपाल निवासी हिसार, भीरा सिंह निवासी जींद, अमन निवासी सिरसा, सुनील निवासी हिसार, अनिल निवासी हिसार, शसन निवासी हिसार, प्रिंस निवासी सिरसा, मुकेश निवासी हिसार, सुरेन्द्र निवासी हिसार, सज्जन कुमार निवासी सिरसा, राकेश निवासी हिसार, दीपक निवासी सिरसा, हैप्पी सचदेवा निवासी खारिया, योगेश निवासी सिरसा, सुनील निवासी खारिया, सौरभ चावला निवासी सिरसा, राजेश निवासी हिसार तथा गुरदित्ता निवासी कालांवाली के रूप में हुई है।एसपी दीपक सहारन ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ थाना शहर सिरसा में जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि इस गैर कानूनी गतिविधि से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा सके।उन्होंने कहा कि जिला पुलिस द्वारा अपराधियों तथा गैर कानूनी धंधा करने वालों के नेटवर्क को खत्म करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जुआ, सट्टा तथा अन्य अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।एसपी दीपक सहारन ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी क्षेत्र में जुआ, सट्टा या अन्य गैर कानूनी गतिविधियां संचालित हो रही हों तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि समाज में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध मुक्त वातावरण तैयार करने में आम नागरिकों का सहयोग बेहद जरूरी है।

