Pal Pal India

प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स के लिए दिल्ली से रवाना

 
  प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स के लिए दिल्ली से रवाना

नई दिल्ली, 27 जून । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पूर्वी अफ्रीकी देश सेशेल्स के लिए शनिवार को दिल्ली से रवाना हुए। वह इस देश की तीन दिवसीय (27-29 जून) राजकीय यात्रा पर हैं।
विदेश मंत्रालय के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी की सेशेल्स यात्रा राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के निमंत्रण पर हो रही है। सेशेल्स अपने राष्ट्रीय दिवस का स्वर्ण जयंती (50वीं वर्षगांठ) समारोह मना रहा है, जिसमें वह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री मोदी इससे पहले साल 2015 में सेशेल्स गए थे।
यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स के राष्ट्रपति हर्मिनी के साथ बैठक करेंगे। दोनों नेता भारत-सेशेल्स के बीच सहयोग के सभी क्षेत्रों की समीक्षा करेंगे और क्षेत्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर अपने विचार साझा करेंगे।
इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स की नेशनल असेंबली को भी संबोधित करेंगे। इस सभा को संबोधित करने वाले वह पहले भारतीय प्रधानमंत्री भी होंगे। वे वहां रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात करेंगे। यह यात्रा भारत और सेशेल्स के बीच मजबूत दोस्ती, समुद्री सहयोग और आपसी साझेदारी को नई मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने अपने वक्तव्य में कहा, सेशेल्स हमारा एक महत्वपूर्ण समुद्री पड़ोसी है और हमारे विजन महासागर तथा वैश्विक दक्षिण के प्रति हमारी साझा प्रतिबद्धता में एक प्रमुख भागीदार है। इस वर्ष हम अपने राजनयिक संबंधों की स्थापना की 50वीं वर्षगांठ भी मना रहे हैं, जो आपसी विश्वास, साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, विविधता के प्रति सम्मान और हमारे लोगों के बीच गहरे आत्मीयता पर आधारित हैं।
उन्होंने बताया कि फरवरी 2026 में राष्ट्रपति हर्मिनी की भारत की सफल राजकीय यात्रा के आधार पर, मैं हमारी चिरस्थायी मित्रता को और मजबूत करने के उद्देश्य से होने वाली हमारी चर्चाओं के लिए उत्सुक हूं। हम मिलकर अपने देशों के लोगों की प्रगति को आगे बढ़ाने और हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा और समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए काम करेंगे। इस यात्रा के दौरान, मुझे सेशेल्स की नेशनल असेंबली को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बनने का गौरव प्राप्त होगा। यह ऐतिहासिक अवसर हमारे दोनों देशों को जोड़ने वाले मजबूत लोकतांत्रिक मूल्यों और संसदीय परंपराओं को दर्शाता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वह सेशेल्स में रहने वाले जीवंत भारतीय समुदाय के साथ बातचीत करने के लिए भी उत्सुक हैं, जो पीढ़ियों से भारत-सेशेल्स के बीच विशेष मित्रता का पोषण कर रहे हैं और हमारे दोनों देशों के बीच एक जीवंत सेतु के रूप में कार्य कर रहे हैं। उन्हें विश्वास है कि उनकी यह यात्रा दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों को और गहरा करेगी, हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सहयोग को बढ़ाएगी तथा एक सुरक्षित, शांतिपूर्ण और समृद्ध हिंद महासागर क्षेत्र के हमारे साझा दृष्टिकोण को आगे बढ़ाएगी।