पंजाब की जनता को चुटकुले नहीं, विकास और समस्याओं का समाधान चाहिए — मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

चंडीगढ़, 13 सितंबर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पंजाब की जनता को चुटकुले, प्रचार और विज्ञापन नहीं, बल्कि विकास, रोजगार, उद्योगों की सुरक्षा और अपनी समस्याओं का समाधान चाहिए। पंजाब के लोगों की क्षमता और परिश्रम में कभी कोई कमी नहीं रही, लेकिन प्रदेश को सही दिशा न दे पाने वाली सरकारों की नीति, नीयत और नेतृत्व ने पंजाब को विकास की दौड़ में पीछे कर दिया है।
मुख्यमंत्री रविवार को पटियाला के गांव ककराला में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर पूर्व मंत्री महारानी परनीत कौर व प्रोफेसर मलकीत सिंह व अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। इस मौके पर सैंकड़ों की संख्या में लोगों ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा। मुख्यमंत्री ने सभी का पार्टी ज्वाइन करने पर स्वागत किया।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब और हरियाणा भले ही दो अलग-अलग राज्य हैं, लेकिन दोनों की जड़ें, संस्कृति और विरासत एक हैं। गुरुओं, पीरों और बलिदानियों की इस महान धरती को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता अब पूछ रही है कि इतनी उपजाऊ धरती, मेहनती लोग और अपार संभावनाएं होने के बावजूद पंजाब पीछे क्यों रह गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय पंजाब देश के सबसे समृद्ध राज्यों में गिना जाता था। पंजाब बनने के लगभग 19 वर्ष बाद अस्तित्व में आया हरियाणा आज आर्थिक प्रगति में पंजाब से बहुत आगे निकल चुका है। वर्ष 2025-26 में हरियाणा की वास्तविक आर्थिक विकास दर 9.5 प्रतिशत रहने का अनुमान है, जबकि पंजाब की विकास दर केवल 6.1 प्रतिशत है। इस प्रकार हरियाणा, पंजाब से 3.4 प्रतिशत अधिक तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी प्रकार, वर्ष 2026-27 में हरियाणा की अर्थव्यवस्था लगभग 15 लाख 18 हजार करोड़ रुपये और पंजाब की लगभग 9 लाख 81 हजार करोड़ रुपये अनुमानित है। दोनों राज्यों के आर्थिक आकार में लगभग 5 लाख 38 हजार करोड़ रुपये का अंतर है। यह अंतर सही नीति, साफ नीयत और जवाबदेह नेतृत्व का अंतर है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2023-24 में देश की जीडीपी में हरियाणा की हिस्सेदारी लगभग 3.6 प्रतिशत थी, जबकि पंजाब की हिस्सेदारी लगभग 2.4 प्रतिशत थी। हरियाणा की प्रति व्यक्ति आय राष्ट्रीय औसत की 176.8 प्रतिशत और पंजाब की 106.7 प्रतिशत आंकी गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय पंजाब की प्रति व्यक्ति आय राष्ट्रीय औसत से लगभग दोगुनी हुआ करती थी, लेकिन आज परिस्थितियां बदल गई हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता को इसका जवाब चाहिए कि प्रदेश की आर्थिक क्षमता का पूरा उपयोग क्यों नहीं हो पा रहा है।
प्रचार और विज्ञापन से नहीं, काम से मजबूत होती है अर्थव्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब को काम से अधिक प्रचार और परिणाम से अधिक विज्ञापन दिए हैं। झूठे दावे दोहराने से अर्थव्यवस्था मजबूत नहीं होती। अर्थव्यवस्था तब मजबूत होती है, जब उद्योगों को सुरक्षा मिले, युवाओं को रोजगार मिले, व्यापारियों को भरोसा मिले, किसानों को लाभकारी मूल्य मिले और सरकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव सीधे जनता तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनना और उनका समाधान करना सरकार की जिम्मेदारी है। चुटकुले सिनेमा हॉल में चलते हैं, लेकिन जनता के बीच काम, विकास और जनसमस्याओं के समाधान की बात होती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने भी पंजाब के लोगों से बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया। आम आदमी पार्टी ने भी अनेक वादे किए, लेकिन वे वादे ही रह गए और लोगों को समस्याओं से राहत नहीं मिली।
हरियाणा सरकार ने 217 में से 70 वादे किए पूरे
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्तमान भाजपा सरकार ने जनता से किए वादों को पूरा करने का काम किया है। 2024 के विधानसभा चुनावों के दौरान किए गए 217 वादों में से 70 वादे 18 महीने के कार्यकाल में पूरे किए जा चुके हैं।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार ने किडनी रोगियों को बड़ी राहत दी है। डायलिसिस करवाने में मरीजों को प्रति डायलिसिस 25 से 30 हजार रुपये तक खर्च करने पड़ते थे। लेकिन चुनावी संकल्प पत्र में किए गए वादे के अनुसार हरियाणा सरकार ने डायलिसिस का पूरा खर्च माफ करने का निर्णय लागू किया है। अब मरीजों को इसके लिए अपनी जेब से पैसा खर्च नहीं करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए किए गए वादों को भी पूरा किया है। जिन परिवारों की वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये तक है, उन परिवारों की महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाया जा रहा है। पिछले 18 महीनों में महिलाओं के खातों में 300 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जमा करवाई गई है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 2100 रुपये मासिक सहायता देने का वादा भी लागू किया गया है। सरकार ने अपने पहले ही बजट में इसके लिए 5000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया था। पिछले 18 महीनों में महिलाओं के खातों में 2000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जमा करवाई जा चुकी है।
हरियाणा में किसानों की पूरी फसल एमएसपी पर खरीदी जा रही
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार ने किसानों से किए गए वादे के अनुसार उनकी पूरी फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदने का काम किया है। हरियाणा देश का पहला राज्य है, जहां किसानों की पूरी फसल एमएसपी पर खरीदी जा रही है। किसानों के खातों में 48 से 72 घंटे के भीतर फसल का पूरा भुगतान करने का काम किया जा रहा है। यदि भुगतान में 72 घंटे से अधिक समय लगता है, तो किसानों को ब्याज सहित भुगतान किया जाता है।
मुख्यमंत्रीनायब सिंह सैनी ने पंजाब में बढ़ते नशे और युवाओं के भविष्य को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधाते हुए कहा कि जब एक व्यक्ति ने सरकार से बच्चों को नशे से दूर करने की आवाज उठाई, तो उसे प्रताड़ित किया गया और उसकी आवाज दबाने का प्रयास किया गया। इससे आहत होकर उस व्यक्ति ने अपना जीवन समाप्त कर लिया। उन्होंने कहा कि यह घटना पंजाब में कानून-व्यवस्था, संवेदनशील शासन और आम नागरिक की आवाज के सम्मान पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के युवाओं के साथ रोजगार के नाम पर भी अन्याय हो रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब में एक्साइज इंस्पेक्टर के परिणाम में विधायकों के नजदीकी लोगों को नौकरी मिलने की बात सामने आई। इसके विपरीत, हरियाणा में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता और मेरिट को प्राथमिकता दी है। हरियाणा में युवाओं को बिना पर्ची—बिना खर्ची, पूरी तरह मेरिट के आधार पर नौकरी मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग ईमानदारी की बातें करते हैं, लेकिन चुटकुलेबाजी के सहारे वोट लेने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता को चुटकुलों से नहीं, काम से मतलब है। उन्होंने कहा कि चुटकुलों से काम नहीं होना, काम तो काम से ही होना है।
हरियाणा की योजनाओं का लाभ पंजाब की जनता तक पहुंचाने का भरोसा
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की जनता अब केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि धरातल पर काम चाहती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास, सुशासन और जनकल्याण की नीतियों को आगे बढ़ाकर पंजाब को भी प्रगति की दिशा में मजबूत गति दी जा सकती है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा में चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पंजाब के लोगों तक भी पहुंचाने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में जिस प्रकार गरीबों, महिलाओं, किसानों और जरूरतमंद परिवारों के लिए योजनाएं लागू की जा रही हैं, उसी प्रकार पंजाब में भी जनता को इन योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा।
भाजपा की सरकार किस प्रकार कार्य करती है, इसका उदाहरण हरियाणा में देखा जा सकता है - पूर्व मंत्री महारानी परनीत कौर
पूर्व मंत्री महारानी परनीत कौर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विश्व स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। आज भारत दुनिया की प्रमुख आर्थिक शक्तियों में शामिल है। यह कोई छोटी उपलब्धि नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी देश को मजबूत, सक्षम और विकसित बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब के बच्चों को नशे और अन्य बुराइयों से मुक्त कराकर उन्हें शिक्षा, रोजगार तथा विकास के अवसर उपलब्ध करवाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारतीय जनता पार्टी ही केंद्र सरकार के सहयोग से पंजाब को नशामुक्त, विकसित और समृद्ध बनाने के लिए प्रभावी ढंग से कार्य कर सकती है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में किए जा रहे विकास कार्यों और सरकार के कामकाज को पंजाब के लोग भी देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार किस प्रकार कार्य करती है, इसका उदाहरण हरियाणा में देखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के साथ मिलकर पंजाब में भी विकास को गति दी जा सकती है। उन्होंने लोगों से आगामी चुनावों में भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

