Pal Pal India

महंगाई की मार से जनता त्रस्त, केंद्र सरकार हर मोर्चे पर विफल: कुमारी सैलजा

 
 महंगाई की मार से जनता त्रस्त, केंद्र सरकार हर मोर्चे पर विफल: कुमारी सैलजा
 चंडीगढ़, 26 मई। 

सिरसा की सांसद, कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की सदस्य, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आज देश की आम जनता महंगाई, बेरोजगारी और मूलभूत सुविधाओं की कमी से बुरी तरह परेशान है। पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, खाद्य पदार्थों तथा रोजमर्रा की जरूरतों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी ने आम आदमी का जीना मुश्किल कर दिया है। 

कुमारी सैलजा ने कहा कि केंद्र सरकार की नाकामी के कारण देश की जनता न केवल लंबी लाइनों में खड़ी रहने को मजबूर है, बल्कि महंगाई की दोहरी मार भी झेल रही है। बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं देने में भी सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में लोग परेशान हैं, लेकिन सरकार जनता की समस्याओं से आंखें मूंदे बैठी है। उन्होंने कहा कि सरकारी तेल कंपनियां भारी मुनाफा कमा रही हैं, जबकि आम जनता की जेब पर लगातार बोझ बढ़ाया जा रहा है। कांग्रेस हमेशा जनता की आवाज उठाती रही है और आगे भी महंगाई, बेरोजगारी तथा जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा। सांसद ने कहा कि दिसंबर 2023-24 तक पिछले 19 माह में कू्रड के दाम 29 प्रतिशत तक कम हुए है पर तेल के दाम कम नहीं किए गए। इस अवधि में कंपनियों ने 1.32 लाख करोड रुपये कमाए पर सरकार ने आम आदमी पर ध्यान देने के बजाए कंपनियों के हितों पर अधिक ध्यान दिया। जब कू्रड के दाम कम हो तो तेल के दाम भी घटाने चाहिए। सरकार को पारदर्शी मूल्य रखना चाहिए। कुमारी सैलजा ने केंद्र सरकार से मांग की कि पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और आवश्यक वस्तुओं के दाम तुरंत कम किए जाएं तथा जनता को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाए।

बॉक्स

सीएनजी के दामों में लगातार बढ़ोतरी से आम जनता परेशान: सैलजा 

सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार की पेट्रोल-डीजल लूट के बाद अब सीएनजी के दामों में लगातार बढ़ोतरी कर आम जनता पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है। सांसद ने कहा कि आज फिर सीएनजी के दामों में दो रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है, जिससे आम लोगों की परेशानियां और बढ़ गई हैं। कुमारी सैलजा ने कहा कि पिछले 12 दिनों में सीएनजी के दामों में कुल छह रुपये की बढ़ोतरी की जा चुकी है। सांसद ने कहा कि 15 मई को दो, 18 मई को एक, 23 मई को एक तथा 26 मई को फिर दो रुपये प्रति किलो की वृद्धि की गई है। 

कुमारी सैलजा ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से ऑटो चालक, मध्यम वर्ग तथा रोजाना सफर करने वाले लोग सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। भाजपा सरकार जनता को राहत देने की बजाय लगातार उनकी जेब पर बोझ डालने का काम कर रही है। कुमारी सैलजा ने कहा कि महंगाई पर नियंत्रण करने में सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है और आम आदमी की समस्याओं की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।