Pal Pal India

विपक्ष का इंडी गठबंधन है भ्रष्टाचारियों का जमावड़ा: जेपी नड्डा

 
  विपक्ष का इंडी गठबंधन है भ्रष्टाचारियों का जमावड़ा: जेपी नड्डा
शिमला, 28 मई  हिमाचल प्रदेश में लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव से तीन दिन पहले मंगलवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने ताबड़तोड़ रैलियां कर भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश की। जेपी नड्डा ने किन्नौर, रामपुर और शिमला में चुनावी जनसभाओं को संबोधित कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार में देश में हुए जनकल्याणकारी और विकास कार्यों का उल्लेख किया। नड्डा ने भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर इंडी गठबंधन पर जमकर निशाना भी साधा।
नड्डा ने कहा कि एक तरफ नरेन्द्र मोदी हैं, जिनके नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है और वहीं दूसरी ओर घमंडिया गठबंधन के भ्रष्टाचारियों का जमावड़ा है। कांग्रेस पार्टी ने कोयला घोटाला, कॉमनवेल्थ गेम्स घोटाला, चावल घोटाला, पनडुब्बी घोटाला, 2-जी और 3-जी घोटाला, अगस्ता वेस्टलैण्ड हेलिकॉप्टर घोटाला, चीनी घोटाला, चारा घोटाला, नौकरी के बदले जमीन घोटाला किया। उन्होंने कहा कि ममता के मंत्रियों के घरों से पैसे निकल रहे हैं, कांग्रेस के सांसद के घर से 365 करोड़ से ज्यादा रुपये मिले, झारखंड के मंत्री के पीए के घर में 29 करोड़ रुपये मिले। अरविंद केजरीवाल ने शराब और दवाइयों का घोटाला किया। सोनिया गांधी, राहुल गांधी, पी. चिदंबरम और लालू यादव बेल पर हैं। मनीष सिसोदिया, सत्येन्द्र जैन, आजम खान, टीएमसी और डीएमके के नेता जेल में हैं। इंडी गठबंधन के सभी नेता या तो जेल में हैं या बेल पर हैं। कांग्रेस पार्टी आदिवासियों के आरक्षण पर डाका डालना चाहती है। यह धर्म के आधार पर आरक्षण देना चाहते हैं।
नड्डा ने कहा कि बाबा साहब भीम राव अंबेडकर ने संविधान में स्पष्ट लिखा है कि धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं दिया जाएगा बल्कि आरक्षण भौगोलिक और सामाजिक परिस्थितियों के आधार पर दिया जाएगा। कांग्रेस पार्टी आदिवासियों के आरक्षण पर डाका डालकर अपने वोट बैंक को देना चाहती है। कांग्रेस पार्टी मीठे में जहर मिलाकर देश की जनता को देनी चाहती है लेकिन भाजपा आपके हक और आपके इलाके की रक्षा करेगी।
नड्डा ने कहा कि जनता के उत्साह एवं ऊर्जा को देखकर यह स्पष्ट है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को हिमाचल की जनता ने तीसरी बार देश की बागडोर सौंपने का निर्णय ले लिया है। भाजपा ने नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत में राजनैतिक संवाद और राजनैतिक विषय को बदल दिया है। 10 वर्ष पहले भारत भ्रष्टाचार में लिप्त था और लोगों के मन में आता था कि भारत एक भ्रष्टाचारी देश बन गया है। आए दिन भ्रष्टाचार के किस्से सुनने को मिलते थे। साधारण व्यक्ति ने यह मान लिया था कि देश में कुछ बदलने वाला नहीं है लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोगों के मन में ये विश्वास दिलाया कि देश बदल सकता है।
उन्होंने कहा कि 1 जून को जब हिमाचल की जनता कमल का बटन दबाएगी, तो विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए दबाएगी। आज देश की राजनीति का चरित्र, परिभाषा, संस्कृति और कार्य करने का ढंग बदल चुका है। पहले जाति, धर्म और क्षेत्र के नाम पर वोट मांगे जाते थे लेकिन आज नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकासवाद और रिपोर्टकार्ड की राजनीति हो रही है। आज भारत तेजी से विकास की ओर अग्रसर है।
नड्डा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने जो कहा था वो करके दिखाया है और जो नहीं कहा था वो भी करके दिखाया है। कोरोना महामारी और यूक्रेन युद्ध के बाद अमेरिका, यूरोप, जापान और चीन जैसे देशों की आर्थिक स्थिती बिगड़ गई लेकिन प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 10 वर्षों में भारत की अर्थव्यवस्था विश्व में 10वें स्थान से ऊपर उठकर 5वें स्थान पर आ गई है और नरेन्द्र मोदी के तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद भारत की अर्थव्यवस्था विश्व में तीसरे स्थान की अर्थव्यवस्था बन जाएगी।